अम्बेडकरनगर, 3 अगस्त, 2026: सावन माह के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर जिले भर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने और अपनी मनोकामनाएँ माँगने के लिए भक्तों का ताँता सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही शुरू हो गया।
शिव बाबा धाम, चहोड़ाघाट शिव मंदिर, झारखंडेश्वर महादेव के साथ ही जलालपुर के पक्का घाट शिवाला, रफीगंज शिव मंदिर, चक्रधारी दुर्गा मंदिर, पारा शिव मंदिर,श्री शीतला माता मंदिर और भुजगी स्थित तमसा तट के शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने विधि-विधान से रुद्राभिषेक और विशेष पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की। 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष से सारा मंदिर परिसर गूँजता रहा।
प्रशासनिक इंतजाम और निरीक्षण
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए थे। मंदिरों में बैरिकेडिंग, महिला एवं पुरुष भक्तों के लिए अलग-अलग कतारें, पेयजल, साफ-सफाई और यातायात प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई। स्वयंसेवकों ने भी दर्शन व्यवस्था को सुचारु रखने में सहयोग किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने शिव बाबा धाम पहुँचकर श्रद्धालुओं व काँवड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर, सुरक्षा, स्वच्छता, बैरिकेडिंग और पेयजल व्यवस्था का जायज़ा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पूरे सावन माह के दौरान निरंतर निगरानी बनाए रखने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की हरसंभव सहायता करने का आदेश दिया। धार्मिक आस्था, भक्ति और उत्साह के माहौल के बीच सावन का पहला सोमवार पूरे जिले में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know