बलरामपुर- पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, घुंघुलपुर के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहें।
इस अवसर पर उन्होंने शैक्षणिक, खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, भारतीय संस्कृति एवं सामाजिक सरोकारों पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।
स्थापना दिवस के अवसर पर विज्ञान प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल एवं नवाचार आधारित परियोजनियां प्रदर्शित कीं। जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सराहना की।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन एवं आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि नवोदय विद्यालय केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का भी उत्कृष्ट माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में अनुशासन, परिश्रम एवं सकारात्मक सोच को अपनाते हुए अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक भी आयोजित हुई। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, पठन-पाठन की गुणवत्ता, बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम, विद्यार्थियों के समग्र विकास, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों, स्मार्ट कक्षाओं, डिजिटल शिक्षण, छात्रावास व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा तथा आधारभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं नवाचार आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसका समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सीखने के स्तर (Learning Outcomes) में निरंतर सुधार, नियमित शैक्षणिक मूल्यांकन, करियर मार्गदर्शन तथा व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी अपनी क्षमता के अनुरूप उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके।
उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छ, सुरक्षित एवं प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने, विज्ञान एवं नवाचार गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में विद्यालय परिवार द्वारा आगामी शैक्षणिक सत्र की कार्ययोजना, विभिन्न विकास कार्यों तथा विद्यार्थियों के हित में संचालित गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की गई, जिस पर आवश्यक सुझाव एवं निर्णय लिए गए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know