बलरामपुर - मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (आरसीएच), जनपद के समस्त प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों (एमओआईसी), जिला लेखा प्रबंधक, ब्लॉक लेखा प्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) भुगतान, नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत एचपीवी वैक्सीनेशन तथा आगामी जिला स्वास्थ्य समिति (डीएचएस) की बैठक की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के लंबित भुगतान में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी चिकित्सा अधीक्षकों एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि जेएसवाई भुगतान में तेजी लाते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें।
समीक्षा के दौरान एचपीवी टीकाकरण की प्रगति का भी आकलन किया गया। सीएमओ ने सभी एमओआईसी को निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सत्र की नियमित निगरानी करते हुए पात्र किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए।
आगामी जिला स्वास्थ्य समिति (डीएचएस) की बैठक के मद्देनज़र मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक अभिलेख, प्रगति रिपोर्ट एवं कार्यों का समय से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले स्वास्थ्य कार्यक्रमों में अपेक्षित प्रगति लाने के लिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर बैठक जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं ब्लॉक स्तरीय कर्मचारियों , अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know