बलरामपुर - राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से 'टीबी मुक्त भारत ऐप' का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। यह ऐप टीबी से संबंधित विभिन्न सेवाओं और जानकारियों को एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध कराकर देश को वर्ष 2027 तक टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को सशक्त करेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग टीबी मुक्त भारत ऐप से जुड़ें और इस जनआंदोलन का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से टीबी मरीजों को बेहतर परामर्श, उपचार संबंधी जानकारी तथा आवश्यक सेवाएं समय पर उपलब्ध कराने में यह ऐप महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके साथ ही आम नागरिक भी टीबी उन्मूलन अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कर सकेंगे।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि यह ऐप टीबी रोगियों, उनके परिजनों तथा आम नागरिकों के लिए एक उपयोगी डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसके माध्यम से टीबी से संबंधित जानकारी, उपचार प्रक्रिया, जागरूकता सामग्री तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि समय पर जांच, नियमित उपचार और जनसहयोग से ही टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने बताया कि जनपद में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ऐप के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। स्वास्थ्य कर्मियों, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा अन्य विभागों के सहयोग से लोगों को ऐप डाउनलोड करने और इसके उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों का अधिकाधिक उपयोग टीबी उन्मूलन अभियान को नई दिशा देगा और जनसहभागिता को मजबूत बनाएगा।
सीएमओ ने जनपदवासियों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति में दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, वजन कम होना, बुखार या रात में पसीना आने जैसे लक्षण दिखाई दें तो निकटतम सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर निःशुल्क टीबी जांच कराएं तथा टीबी मुक्त भारत ऐप से जुड़कर टीबी मुक्त बलरामपुर और टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान दें।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know