जनपद बलरामपुर - आगामी पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों के अंतर्गत गन्ना किसानों को अधिक पारदर्शी एवं त्रुटिरहित सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 20 जुलाई, 2026 से 30 अगस्त, 2026 तक ग्राम स्तरीय गन्ना सर्वे एवं सट्टा प्रदर्शन अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान गन्ना विभाग एवं संबंधित चीनी मिलों की कुल 138 टीमें जनपद के 1,225 राजस्व ग्रामों में पहुंचकर किसानों के गन्ना सर्वे एवं सट्टा संबंधी अभिलेखों का प्रदर्शन करेंगी तथा प्राप्त आपत्तियों का मौके पर परीक्षण एवं निस्तारण सुनिश्चित करेंगी। यह प्रक्रिया आगामी पेराई सत्र में गन्ना आपूर्ति को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाने का महत्वपूर्ण चरण है। जिला गन्ना अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि ग्राम स्तरीय सर्वे एवं सट्टा प्रदर्शन के दौरान किसानों को उनके गन्ना क्षेत्रफल, फसल विवरण तथा सर्वे से संबंधित अन्य अभिलेख उपलब्ध कराए जाएंगे। यदि किसी किसान को अपने सर्वे, क्षेत्रफल अथवा अन्य विवरण में कोई त्रुटि प्रतीत होती है, तो वह निर्धारित अवधि में अपनी आपत्ति दर्ज करा सकेगा, जिसका समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने सभी गन्ना कृषकों से अपील की है कि वे अपने गांव में निर्धारित तिथि पर आयोजित सर्वे एवं सट्टा प्रदर्शन कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर अपने अभिलेखों का सावधानीपूर्वक अवलोकन करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो तत्काल संबंधित टीम को अवगत कराएं, ताकि समय रहते संशोधन किया जा सके और आगामी पेराई सत्र के दौरान गन्ना आपूर्ति, पर्ची निर्गमन एवं अन्य प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला गन्ना अधिकारी ने कहा कि यह अभियान किसानों के हितों की सुरक्षा, अभिलेखों की शुद्धता तथा गन्ना आपूर्ति व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी किसानों से विभागीय टीमों का सहयोग करने तथा निर्धारित अवधि में अपनी आपत्तियों का निस्तारण कराने का अनुरोध किया, जिससे पेराई सत्र 2026-27 का संचालन सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जा सके।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know