जलालपुर,अम्बेडकर नगर। सुरक्षा संकट को देखते हुए जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल के अध्यक्ष आनंद जायसवाल के नेतृत्व में जिले पर सर्किट हाउस पहुंचकर बुधवार को कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर को ज्ञापन पत्र सौंपकर इस लाइन को हटवाने अथवा स्थानांतरित करने की माँग की गई।

मण्डल के जिला उपाध्यक्ष देवेश मिश्र ने बताया कि नरेन्द्र देव इण्टर कालेज, सुरहुरपुर रोड, साहबतारा मित्तूपुर रोड, रन्नू खाँ का पूरा एवं विकास नगर कालोनी सहित कई सघन आबादी वाले मोहल्लों के ठीक ऊपर से यह खतरनाक 11 केवी लाइन गुजरती है। यह लाइन मकानों, छतों एवं तंग गलियों के इतनी निकट है कि बरसात, तेज हवा अथवा पेड़ों की टहनियों के संपर्क में आते ही इसमें अक्सर शॉर्ट-सर्किट या तकनीकी खराबी आ जाती है।

स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन में बताया गया कि इन मोहल्लों में बड़ी संख्या में छोटे बच्चे, महिलाएँ एवं बुजुर्ग नागरिक निवास करते हैं, ऐसे में किसी भी समय जान-माल की बड़ी हानि की आशंका बनी रहती है। प्रार्थना पत्र में माँग की गई है कि विद्युत विभाग के अधिकारियों को तुरंत मौके का स्थलीय निरीक्षण करने, इस लाइन को आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने तथा जब तक लाइन पूर्णतया स्थानांतरित न हो जाए, तब तक आपातकालीन सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएँ।
इस अवसर पर दीपक त्रिपाठी, गौरव उपाध्याय, आदित्य गोयल, सीताराम अग्रहरि, अनूप एवं अख़लाक़ अहमद सहित कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। व्यापार मण्डल ने इस समस्या के शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई है।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने