मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उ0प्र0 ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक सम्पन्न

वृन्दावन में रोप-वे परियोजना का प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश

मथुरा-वृन्दावन रेल मार्ग पर सड़क रेल संयुक्त प्रस्ताव को आगे बढ़ाये जाने तथा पार्किंग सुविधाओं के विस्तार हेतु लैण्ड पूलिंग की योजना को शासन को प्रेषित किया जाए

तीर्थ-मित्र नीति विषयक शासनादेश जारी किया जाए तथा 50 छोटी इलेक्ट्रिक बसों के संचालन हेतु प्रस्ताव प्रेषित किया जाए

यमुना नदी के पार यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की परियोजना के सम्बन्ध में परियोजना का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश


लखनऊ : 25 जुलाई, 2026


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद आगरा में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान वृन्दावन के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मुख्यमंत्री जी ने वृन्दावन में रोप-वे परियोजना का प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही, मथुरा-वृन्दावन रेल मार्ग पर सड़क रेल संयुक्त प्रस्ताव को आगे बढ़ाये जाने तथा पार्किंग सुविधाओं के विस्तार हेतु लैण्ड पूलिंग की योजना को शासन को प्रेषित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में पी0पी0पी0 मॉडल पर पर्याप्त पार्किंग सुविधा विकसित की जाए।
बैठक में मण्डलायुक्त, आगरा ने मुख्यमंत्री जी को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद सहित अन्य विभिन्न योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की प्रगति से अवगत कराया। इस दौरान मुख्यमंत्री जी ने मथुरा-वृन्दावन में चल रहे स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए दोनों नगरों को पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता के साथ-साथ प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाए।
मण्डलायुक्त ने मुख्यमंत्री जी के समक्ष मथुरा-वृन्दावन क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या के अनुरूप पुलिस बल बढ़ाए जाने, एक नया वृन्दावन पुलिस सर्किल बनाये जाने तथा एक ए0एस0पी0 यातायात व ए0एस0पी0 प्रोटोकॉल के पद को सृजित किए जाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिस पर मुख्यमंत्री जी ने तत्काल शासन को भेजे जाने के निर्देश दिये। मथुरा-वृन्दावन नगर निगम एवं मथुरा जनपद के नगर निकायों हेतु मानव संसाधन व उपकरणों की आपूर्ति फ्लोटिंग पॉपुलेशन के आधार पर किये जाने के प्रस्ताव पर भी सहमति प्रदान की गयी तथा शासन को भेजे जाने हेतु निर्देशित किया गया।
मुख्यमंत्री जी के समक्ष मथुरा-वृन्दावन क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण महायोजना मार्गों को बनाये जाने का प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया, जिस पर मुख्यमंत्री जी ने उसे तत्काल शासन को भेजे जाने के निर्देश दिए।
मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण द्वारा बनाई गई महायोजना के प्रस्तावित मार्ग यातायात व्यवस्था/अवस्थापना सुविधाओं के अन्तर्गत लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से मुख्य चौराहों के इम्पू्रवमेण्ट कार्य और फ्लाईओवर व मार्ग के सुदृढ़ीकरण की कार्य योजना का प्रस्तुतीकरण किया गया। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की वर्ष 2018-19 से वर्ष 2025-26 तक कुल 165 स्वीकृत परियोजनाओं में से 115 पूर्ण और 28 प्रगतिशील परियोजनाओं की समीक्षा की गयी। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि तीर्थ-मित्र नीति विषयक शासनादेश जारी किया जाए तथा 50 छोटी इलेक्ट्रिक बसों के संचालन हेतु प्रस्ताव प्रेषित किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने यमुना नदी के पार यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की परियोजना के सम्बन्ध में परियोजना का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में केन्द्रीय मत्स्य पालन मंत्री प्रो0 एस0पी0 सिंह बघेल, प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि व शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने