बलरामपुर- नगर पालिका परिषद बलरामपुर में चल रहे मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) कार्य के सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर सोमवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सूचीकरण कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 31 प्रगणकों एवं 11 सुपरवाइजरों को उनके उत्कृष्ट योगदान और समर्पित कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में चार्ज अधिकारी एवं नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अधिशासी अधिकारी लालचंद मौर्या ने सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को सम्मानित करते हुए कहा कि नगर क्षेत्र के समुचित विकास,योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा कर निर्धारण एवं नागरिक सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन के लिए मकान सूचीकरण कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों ने निर्धारित समयावधि में पूरी निष्ठा,ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य को संपन्न कर नगर पालिका की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का कार्य किया है।
मि. मौर्या ने कहा कि सूचीकरण कार्य के दौरान टीम ने घर-घर जाकर आवश्यक सूचनाएं संकलित कीं,जिससे नगर पालिका के अभिलेखों को अद्यतन करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने सभी सम्मानित कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में सुपरवाइजर शैलजा सिंह, पवन वर्मा, सुदीप श्रीवास्तव, वेद प्रकाश चौरसिया, अभिषेक पांडे, मुजीब उल्लाह अंसारी, धर्मेंद्र गौड़, अरुण मिश्रा, मंगल देव, अरविंद कुमार यादव एवं खनिज फातिमा सहित राजेश रत्नम तथा राजस्व निरीक्षक राजेश पटेल उपस्थित रहे।
सम्मान समारोह के दौरान सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को प्रशस्ति प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण रहा तथा उपस्थित लोगों ने सूचीकरण कार्य की सफलता पर एक-दूसरे को बधाई दी। नगर पालिका परिषद के अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इसी प्रकार टीम भावना के साथ कार्य कर नगर के विकास में योगदान दिया जाएगा।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know