जनपद बलरामपुर- जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन द्वारा आज बीएसए कार्यालय परिसर में बने राजकीय लाइब्रेरी का निरीक्षण कर वहां संचालित उच्चीकरण एवं आधुनिकीकरण कार्यों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से एवं निर्धारित समय सीमा में शीघ्र पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी की विशेष पहल पर क्रिटिकल गैप योजना के अंतर्गत लगभग 20 लाख रुपये की धनराशि से राजकीय लाइब्रेरी में विभिन्न आधुनिक सुविधाओं का विकास कराया जा रहा है, जिससे यहां अध्ययन करने आने वाले विद्यार्थियों को बेहतर एवं आधुनिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से लाइब्रेरी को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है, ताकि छात्र-छात्राओं को प्राइवेट लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं जनपद स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें।
लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से आधुनिक “केरल डेस्क” की व्यवस्था की जा रही है, जिससे छात्र एकाग्र होकर अध्ययन कर सकेंगे। साथ ही टैबलेट आधारित अध्ययन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे विद्यार्थी डिजिटल माध्यम से अपनी तैयारी कर सकेंगे। लाइब्रेरी परिसर में हाई स्पीड वाई-फाई सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
डीएम ने निरीक्षण के दौरान लाइब्रेरी में सुव्यवस्थित रिसेप्शन काउंटर बनाए जाने, पुस्तक प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ किए जाने तथा लाइब्रेरी के प्रभावी संचालन हेतु “लाइब्रेरी मैनेजमेंट कमेटी” के गठन के निर्देश भी दिए।
इस दौरान डीएम ने छात्रों के लिए निःशुल्क साइकिल स्टैंड की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने लाइब्रेरी परिसर में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने एवं बाउंड्रीवाल का कार्य शीघ्र पूर्ण कराए जाने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी को केवल पुस्तकालय न बनाकर एक आधुनिक “स्टडी सेंटर” के रूप में विकसित किया जाए, जहां विद्यार्थियों को शांत, अनुशासित एवं तकनीकी रूप से सक्षम अध्ययन वातावरण प्राप्त हो सके।
इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री शुभम शुक्ला,  जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती मृदुला आनंद व कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

               हिन्दी संवाद न्यूज से
                 रिपोर्टर वी. संघर्ष
                   बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने