जलालपुर, अंबेडकर नगर – मगुराडिला सरईया स्थित एक ईंट भट्टे के पास रखे सरसों के भूसे के विशाल ढेर में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दमकती लपटों ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैलने लगी, जिससे पास के खेतों की फसलें और आसपास के घर भी चपेट में आने लगे।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। उन्होंने तत्काल फायर ब्रिगेड को खबर दी और खुद भी आग पर काबू पाने में जुट गए। किसानों ने बड़ी तत्परता दिखाते हुए आग के आसपास रखी गेहूं की फसल को हटाना शुरू किया और पानी का छिड़काव कर आग को बढ़ने से रोकने का प्रयास किया।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों के अथक सहयोग से आग पर शिकंजा कसना शुरू किया। करीब तीन घंटे की कठिन मशक्कत और संघर्ष के बाद आखिरकार दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि तब तक सरसों का भूसे का विशाल ढेर जलकर खाक हो चुका था, लेकिन समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से बड़ा नुकसान टल गया।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो दिनों से चल रही तेज हवाओं के कारण आग ने भीषण रूप ले लिया। आशंका जताई जा रही है कि भट्टे से निकली कोयले की चिंगारी से ही भूसे में आग लगी। इस दौरान भट्टे पर सुरक्षा के कोई पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है।
स्थानीय किसानों ने भट्टा संचालक को कड़ी चेतावनी दी है कि गर्मी के मौसम में भट्टों के पास आग से बचाव के लिए जरूरी इंतजाम (पानी, बालू आदि) पहले से सुनिश्चित करें।इस अवसर कोतवाल अजय प्रताप यादव पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे .
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know