बलरामपुर- जनपद में नगर पालिका बलरामपुर अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लेने हेतु जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा आज व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए कार्यों में तेजी लाने एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास निर्माणाधीन सीसी रोड का निरीक्षण किया गया। उन्होंने मौके पर कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब न हो और गुणवत्ता के साथ कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य नागरिकों की दैनिक सुविधाओं से जुड़ा होता है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने बुद्ध पार्क के सौंदर्यीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्क को और अधिक आकर्षक, स्वच्छ एवं नागरिकों के अनुकूल विकसित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र भविष्य में एक प्रमुख सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां हर आयु वर्ग के लोग बेहतर वातावरण में समय व्यतीत कर सकेंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पूरे क्षेत्र को ग्रीन जोन एवं “गौरव पथ” के रूप में विकसित किए जाने की कार्ययोजना पर कार्य किया जा रहा है, जिससे नगर की सुंदरता एवं पर्यावरणीय संतुलन दोनों को मजबूती मिलेगी।
इसी क्रम में जिलाधिकारी द्वारा झारखंडी सरोवर के सौंदर्यीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने कार्य की वर्तमान स्थिति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों में तेजी लाई जाए तथा सरोवर को एक आकर्षक स्थल के रूप में विकसित किया जाए, उन्होंने अभी से प्लांटेशन कराए जाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करते रहें, कार्यों की गुणवत्ता पर सतत निगरानी रखें तथा किसी भी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनपद के समग्र विकास एवं नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु सभी कार्य समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूर्ण किए जाएं।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक , अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका बलरामपुर, अधिशाषी अभियंता पीडब्लूडी व अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहें।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know