बलरामपुर- होली पर्व के दृष्टिगत जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं सक्रिय बनाए रखने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर का औचक निरीक्षण किया। 
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की स्थिति, इमरजेंसी सेवाओं की तैयारियों, ड्यूटी रोस्टर, प्रसव कक्ष, वार्ड व्यवस्था तथा साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित मेडिकल एवं पैरामेडिकल स्टाफ को निर्देशित किया कि होली जैसे प्रमुख त्योहार पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण रूप से मुस्तैद रहें और मरीजों को तत्काल एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराएं।
डॉ. रस्तोगी ने स्पष्ट कहा कि जनपद के सभी सरकारी चिकित्सालयों को पूर्व में ही पत्र जारी कर निर्देशित किया जा चुका है कि समस्त मेडिकल एवं पैरामेडिकल स्टाफ अपनी निर्धारित ड्यूटी पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि त्योहार के दौरान आकस्मिक चिकित्सा सेवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही एम्बुलेंस सेवाओं को भी अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरतमंदों को समय पर उपचार मिल सके।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत बनाए जा रहे आयुष्मान गोल्डन कार्ड एवं आभा कार्ड की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घर आते हैं, ऐसे में पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड एवं आभा कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनाए जाएं।
इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर के अधीक्षक डॉ. विकल्प मिश्रा को निर्देशित किया गया कि आशा कार्यकर्ताओं एवं संबंधित कर्मचारियों के माध्यम से पात्र व्यक्तियों के कार्ड शीघ्र बनवाए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ मिल सके।
सीएमओ ने अंत में कहा कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

               हिन्दी संवाद न्यूज से
                रिपोर्टर वी. संघर्ष
                 बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने