मनरेगा कानून में बदलाव के विरोध में कांग्रेस की पदयात्रा, केंद्र सरकार पर साधा निशाना
बलरामपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर 13 फरवरी 2026 को कांग्रेस पार्टी  बलरामपुर के नेतृत्व में मनरेगा बचाव  पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा का नेतृत्व जिला अध्यक्ष शिवलाल कोरी ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश महासचिव एवं पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू के आवास से हुई, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए।
पदयात्रा का शुभारंभ अंबेडकर तिराहा स्थित भारत रत्न भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद यात्रा वीर विनय चौराहे से होते हुए संतोषी माता मंदिर के निकट अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ संपन्न हुई।
सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष शिवलाल कोरी ने केंद्र की मोदी सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि भारत सरकार मनरेगा कानून में बदलाव कर गरीब श्रमिकों और मजदूरों के अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। जानबूझकर बजट में कटौती और भुगतान में देरी की जा रही है, जिससे युवाओं को मजबूरन अपने गांव और जिले से पलायन कर बाहर मजदूरी करनी पड़ रही है।
पर्यवेक्षक ठाकुर प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों के लिए सुरक्षा कवच है। कानून में परिवर्तन कर श्रमिकों का संवैधानिक अधिकार छीना जा रहा है। कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ेगी।
प्रदेश महासचिव एवं पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने कहा कि मनरेगा कानूनन गारंटीकृत रोजगार का अधिकार है। इसमें बदलाव कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर सीधा प्रहार किया जा रहा है। युवाओं का पलायन बढ़ना सरकार की विफल नीतियों का परिणाम है। इसी तरह पूर्व जिला अध्यक्ष अनुज सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार मनरेगा के मूल उद्देश्य को खत्म कर गरीबों को उनके अधिकारों से वंचित कर रही है। मनरेगा कोऑर्डिनेटर विनय कुमार मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि मजदूरों के हक पर हमला जारी रहा तो कांग्रेस सड़कों पर उग्र आंदोलन करेगी।
एआईसीसी सदस्य एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजबहादुर यादव ने कहा कि मनरेगा ने संकट के समय करोड़ों परिवारों को सहारा दिया है, लेकिन आज उसी योजना को कमजोर कर श्रमिकों को पलायन के लिए मजबूर किया जा रहा है। पूर्व प्रदेश सचिव चंद्रशेखर मिश्र ने कहा कि केंद्र की नीतियां श्रमिक विरोधी हैं और कांग्रेस पार्टी मजदूरों के सम्मान और अधिकार की रक्षा के लिए निर्णायक संघर्ष करेगी।
उक्त पदयात्रा में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मारकंडे मिश्र, पूर्व प्रत्याशी उमाशंकर तिवारी, राम बहादुर दुबे, केदार पांडेय, डॉ. खलीलुल्लाह, भीष्म सिंह, राकेश त्रिपाठी, विश्वनाथ यादव, त्रिजुगी नारायण द्विवेदी, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अफरोज खान, अल्पसंख्यक कांग्रेस अध्यक्ष ईबरार अहमद, मोहम्मद जमील, अमेरिका कुरील, पूर्व प्रत्याशी बबीता आर्या, लाल साहब श्रीवास्तव, अखिलेश मिश्रा, अवधेश पाल सिंह, राजेश कुलदीप आनंद, एडवोकेट बाबा भारती, जिला मीडिया प्रभारी बृजेश चौहान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा कानून में किसी भी प्रकार के बदलाव को वापस लेने, मजदूरों का बकाया भुगतान तत्काल जारी करने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की गारंटी सुनिश्चित करने की मांग की।

उमेश चन्द्र तिवारी 
9129813351
हिंदी संवाद न्यूज़ 
बलरामपुर 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने