बलरामपुर - महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को नगर में भगवान भोलेनाथ की भव्य शिव बारात पारंपरिक उल्लास,आस्था और धार्मिक श्रद्धा के साथ निकाली गई। शिव नाट्यकला मंडल के तत्वावधान में आयोजित 57वें वार्षिकोत्सव के अंतर्गत यह शोभायात्रा निर्धारित समय पर रामलीला मैदान से प्रारंभ हुई और नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः रामलीला मैदान पहुंचकर भगवान शिव-पार्वती विवाह के साथ संपन्न हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक पल्टूराम,तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ल विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू,ब्लॉक प्रमुख राकेश तिवारी तथा समिति अध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव सहित डीपी सिंह बैस, डॉ.विशाल मिश्र, संजय शर्मा, संजय शुक्ल,वरुण सिंह मोनू, डॉ.अजय सिंह पिंकू, राधे श्याम वर्मा, अविनाश मिश्र, सरदार प्रीत पाल सिंह, डॉ.तुलसीश दुबे, अमरीश शुक्ल, कृष्णगोपाल गुप्ता, लाला पंडित, राम प्यारे कश्यप समेत अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने भगवान शिव की विधिवत आरती उतारकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।
ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ प्रारंभ हुई शिव बारात में भगवान भोलेनाथ, माता पार्वती तथा विभिन्न देवी-देवताओं की सजीव एवं आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मनमोह लिया। विशेष रूप से बारह ज्योतिर्लिंगों की झांकी, नंदी महाराज की भव्य प्रस्तुति, मां दुर्गा महिषासुर मर्दन, राम दरबार, श्रवण कुमार तथा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की झांकी आकर्षण का केंद्र रहीं। मार्ग भर “हर-हर महादेव” के जयघोष से संपूर्ण नगर शिवमय वातावरण में गुंजायमान हो उठा।
शोभायात्रा रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर मेजर चौराहा,अंबेडकर तिराहा,वीर विनय चौराहा होते हुए झारखंडी महादेव मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया। इसके पश्चात यात्रा पुनः वीर विनय चौराहे से सराय फाटक, सब्जी मंडी, चौक, गर्ल्स कॉलेज, देवी दयाल तिराहा, बड़े पुल, मेन चौक एवं मेजर चौराहा होते हुए रामलीला मैदान पहुंची,जहां शिव-विवाह की रस्म के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
समिति अध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में संपूर्ण व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहीं। महामंत्री डॉ.तुलसीश दुबे ने बताया कि यह शोभायात्रा आस्था और संस्कृति के समन्वय का प्रतीक है तथा इस वर्ष इसका 57वां आयोजन है। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक दर्शन-पूजन किया। सुरक्षा एवं व्यवस्था हेतु गठित वॉकी-टॉकी टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई,जिससे पूरी यात्रा अनुशासित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
देवाधिदेव महादेव एवं माता पार्वती से नगरवासियों के सुख,शांति,समृद्धि एवं कल्याण की कामना की गई। महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर समूचा बलरामपुर श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

                 हिन्दी संवाद न्यूज से
                   रिपोर्टर वी. संघर्ष
                     बलरामपुर। 
      

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने