बलरामपुर- लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने झारखंडी मंदिर स्थित सरोवर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सरोवर परिसर में चल रहे निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डॉ.सिंह ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए सरोवर क्षेत्र की साफ-सफाई, चूना छिड़काव, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतज़ामों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने नगर पालिका कर्मचारियों को निर्देश दिया कि कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि यह पर्व लोक आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है।
अध्यक्ष ने अधिकारियों को वैकल्पिक घाटों की व्यवस्था करने,सरोवर और आसपास के रास्तों की सफाई,कूड़ा उठाने तथा रात के समय प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु निर्बाध रूप से पूजा-अर्चना कर सकें इसके लिए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका ईओ लालचंद मौर्य, अध्यक्ष प्रतिनिधि डी.पी.सिंह बैस, जेई सिविल अविनाश यादव, जेई जल धर्मेंद्र कुमार गौड, निरीक्षक दिवाकर पांडेय, रामनारायण यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर पालिका अध्यक्ष ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व के अवसर पर नगर के सभी प्रमुख घाटों और सरोवरों पर स्वच्छता, सुरक्षा और सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
झारखंडी मंदिर सरोवर का अध्यक्ष ने किया निरीक्षण।
वैकल्पिक घाट तैयार करने के निर्देश।
सरोवर और मार्गों की सफाई, चूना छिड़काव एवं प्रकाश व्यवस्था पर विशेष जोर।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि।
सभी कार्य तय समय में पूरा करने के निर्देश।

            हिन्दी संवाद न्यूज से
              रिपोर्टर वी. संघर्ष
                बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने