सी.एम.एस. छात्र शुभांशु शुक्ला की ऐतिहासिक अन्तरिक्ष उड़ान के उपलक्ष्य 

में वाॅच पार्टी ‘व्योमनाइट’ का आयोजन सी.एम.एस. में आज

लखनऊ, 9 जून। सिटी मोन्टेसरी स्कूल के तत्वावधान में भारतीय अंतरिक्ष यात्री एवं सी.एम.एस. छात्र शुभांशु शुक्ला की ऐतिहासिक अन्तरिक्ष उड़ान के उपलक्ष्य में एक वाॅच पार्टी ‘व्योमनाइट’ का भव्य आयोजन कल 10 जून 2025, मंगलवार को अपरान्हः 4.00 बजे से सी.एम.एस. कानपुर रोड आॅडिटोरियम में किया जा रहा है, जिसमें शुभांशु की अन्तरिक्ष उड़ान का सीधा प्रसारण किया जायेगा। यह जानकारी सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स श्री ऋषि खन्ना ने दी है। श्री खन्ना ने बताया कि इस अवसर पर शुभांशु के माता-पिता व अन्य परिवारजनों के साथ ही बड़ी संख्या छात्र, शिक्षक व लखनऊ प्रबुद्ध नागरिक शुभांशु की इस ऐतिहासिक अन्तरिक्ष यात्रा के सीधे प्रसारण को देखकर इस गौरवमयी व प्रेरणादायी पलों के साक्षी बनेंगे। 

‘व्योमनाइट’ समारोह में ए.एक्स-4 लांच का सीधा प्रसारण नासा/एक्सिओम की कमेन्ट्री के साथ विशाल स्क्रीन पर किया जायेगा। इसके अलावा, समारोह में उपस्थित शुभांशु के प्रशंसकों को अन्तरराष्ट्रीय अन्तरिक्ष स्टेशन (आई.एस.एस.) के कपोला माॅड्यूल की प्रतिकृति, ‘डेफाई ग्रैविटी’ फोटो बूथ, टेलीस्कोप से आकाश दर्शन एवं अन्तरिक्ष पर आधारिक अनूठी प्रदर्शनी को देखने का अवसर भी मिलेगा। छात्रों द्वारा संचालित मिशन कंट्रोल सेंटर भी इस समारोह का विशेष आकर्षण होगा, जो रीयल-टाइम टेलीमेट्री डाटा प्रसारित करेगा। इस अवसर पर छात्रों को वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों से आमने-सामने बातचीत का अवसर भी मिलेगा।

श्री खन्ना ने बताया कि भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला एक्सिओम-4 मिशन के तहत भारतीय समयानुसार सायं 5.52 बजे नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से स्पेसएक्स के फाल्कन-9 से अन्तरिक्ष की उड़ान भरेंगे। लखनऊ में जन्मे शुभांशु शुक्ला ने नर्सरी से लेकर 12वीं तक की सम्पूर्ण स्कूली शिक्षा सिटी मोन्टेसरी स्कूल, अलीगंज कैम्पस, लखनऊ से प्राप्त की, जिसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एन.डी.ए.) से प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस अन्तरिक्ष यात्रा के दौरान शुभांशु स्पेसएक्स के क्रू ड्रैगन यान को पायलट करेंगे, उनके साथ नासा की अंतरिक्ष यात्री डा. पेगी व्हिटसन एवं पोलैंड व हंगरी के यूरोपीय सहयोगी भी होंगे। ये चारों अन्तरिक्ष यात्री 14 दिन तक आई.एस.एस. पर रहकर विभिन्न अनुसंधान कार्य करेंगे। विदित हो कि शुभांशु भारत के गगनयान कार्यक्रम के प्रथम अन्तरिक्ष यात्रियों में से भी एक हैं। श्री खन्ना ने बताया कि सम्पूर्ण कार्यक्रम का प्रसारण सी.एम.एस. के यूट्यूब चैनल पर भी किया जायेगा।



Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने