मुख्यमंत्री ने महाकुम्भनगर में नाविकों तथा उ0प्र0 राज्य सड़क परिवहन
निगम के चालकों से संवाद किया, उनके योगदान की सराहना की
नाविकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया
महाकुम्भ में करोड़ों श्रद्धालुओं ने संगम स्नान किया,
जिसमें नाविकों ने अपनी ऐतिहासिक भूमिका निभायी : मुख्यमंत्री
प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में श्रृंग्वेरपुर में भगवान श्रीराम और निषादराज की
56 फीट ऊँची प्रतिमा की स्थापना तथा कॉरिडोर का निर्माण किया गया
मत्स्य पालन से जुड़े हुए निषाद और इसी परम्परा से जुड़े अन्य
सभी लोगों के कल्याण के लिए डबल इंजन सरकार कार्य कर रही
मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत आपदा की चपेट में आने पर 05 लाख रु0 की सहायता उपलब्ध करायी जाती है, इसी प्रकार नौका संचालन से जुड़े लोगों को भी यह सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उनका रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा
श्रृंग्वेरपुर में एक बड़ा आयोजन कर सभी नाविकों को आमंत्रित किया जाएगा
नाविक कार्य से जुड़े गरीब नाविकों को नाव के लिए धनराशि तथा
05 लाख रु0 का स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध कराया जाएगा
संगम में इतने बड़े पैमाने पर जलस्तर वर्षों बाद देखा गया, यह
प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में नमामि गंगे परियोजना के माध्यम से सम्भव हुआ
मुख्यमंत्री ने महाकुम्भ में रोडवेज की बसों के संचालन से जुड़े
चालकों के लिए 10 हजार रु0 के अतिरिक्त बोनस की घोषणा की
परिवहन विभाग की बसों के माध्यम से महाकुम्भ में
03 करोड़ 75 लाख यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया
ऐसे अनेक यात्रियों के लिए रोडवेज की बसें
बड़ा सहारा बनीं, जहां रेलवे की सुविधा नहीं है
प्रदेश सरकार ने प्रत्येक गांव को रोडवेज से जोड़ने का प्रयास
किया था, इसके माध्यम से गांव-गांव से लोग महाकुम्भ पहुंच सके
मुख्यमंत्री ने नेत्रकुम्भ का निरीक्षण किया,
वहां किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की
मुख्यमंत्री ने श्री बड़े हनुमान जी मन्दिर में दर्शन-पूजन किया
लखनऊ : 27 फरवरी, 2025
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज महाकुम्भनगर में प्रयागराज महाकुम्भ-2025 के समापन के उपरान्त नाविकों तथा उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के चालकों से संवाद किया। मुख्यमंत्री जी ने महाकुम्भ के भव्य, दिव्य व सफल आयोजन में उनके योगदान की सराहना की। मुख्यमंत्री जी ने नाविकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जिस तरह से निषादराज ने त्रेता युग में भगवान श्रीराम को गंगा पार करायी थी, आज भी हमारे नाविक उसी परम्परा को निभा रहे हैं। करोड़ों लोगों ने संगम में पहली बार स्नान किया। जिसमें नाव चालकों की विशेष भूमिका रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में श्रृंग्वेरपुर में भगवान श्रीराम और निषादराज की 56 फीट ऊँची प्रतिमा की स्थापना तथा कॉरिडोर का निर्माण किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना में मत्स्य पालन से जुड़े हुए निषाद और इसी परम्परा से जुड़े अन्य सभी लोगों के कल्याण के लिए डबल इंजन सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने नाविकों और निषाद समाज के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अन्तर्गत किसान, उनके परिवार के सदस्य या खेती करने वाले किसी भी व्यक्ति के आपदा की चपेट में आने पर 05 लाख रुपये की सहायता उपलब्ध करायी जाती है। इसी प्रकार नौका संचालन से जुड़े लोगों को भी यह सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उनका रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। मुख्यमंत्री कोष से नाविक कार्य से जुड़े गरीब नाविकों को नाव के लिए धनराशि उपलब्ध करायी जाएगी। ऐसे नाविकों, जिनका स्वास्थ्य बीमा कवर नहीं है, उन्हें आयुष्मान भारत योजना या मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अन्तर्गत 05 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर भी उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस महाकुम्भ में करोड़ों श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया, जिसमें नाविकों ने अपनी ऐतिहासिक भूमिका निभायी। इसीलिए आज हम सभी आपके स्वागत के लिए यहां उपस्थित हैं। जब हमने अच्छा कार्य किया, तो पूरी दुनिया अभिभूत होकर यहां आयी। इससे यहां रोजगार का सृजन भी हुआ। इन 45 दिनों में प्रत्येक नाविक ने अपनी मेहनत से लाखों रुपये कमाए होंगे। इतना बड़ा व्यवसाय पहले कभी देखने को नहीं मिला। यह सिर्फ व्यवसाय नहीं, बल्कि आपके पूर्वजों की परम्परा तथा साधना का परिणाम भी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि करोड़ों श्रद्धालु प्रयागराज पहली बार आए। उन्होंने संगम भी पहली बार देखा। आप सभी नाविकों ने हजारों वर्षों की इस विरासत के साथ आतिथ्य सत्कार करते हुए समर्पित भाव से उन्हें संगम स्नान कराने में अपना योगदान दिया। आपने 66 करोड़ लोगों के दिलों पर राज किया और प्रयागराज की ताकत को दिखा दिया है। श्रृंग्वेरपुर में एक बड़ा आयोजन कर सभी नाविकों को आमंत्रित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने जलशक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह के नेतृत्व में महाकुम्भ में सिंचाई विभाग के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि संगम में इतने बड़े पैमाने पर जलस्तर वर्षों बाद देखा गया। यह प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में नमामि गंगे परियोजना के माध्यम से सम्भव हुआ है। गंगा जी में 12,000 क्यूसेक तथा यमुना जी में लगभग 10,000 क्यूसेक जल सतत रूप से उपलब्ध रहा है। यह महाकुम्भ को दिव्य और भव्य बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
नाविक संघ के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी के सहयोग की वजह से नाविकों को रोजगार का बड़ा अवसर मिला है।
इसके बाद, मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के चालकों से भी संवाद किया और महाकुम्भ के दौरान उनकी सेवाओं की प्रशंसा की। उन्होंने महाकुम्भ में रोडवेज की बसों के संचालन से जुड़े चालकों के लिए 10 हजार रुपये के अतिरिक्त बोनस की घोषणा की। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि परिवहन विभाग की बसों के माध्यम से महाकुम्भ में 03 करोड़ 75 लाख यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। ऐसे अनेक यात्रियों के लिए रोडवेज की बसें बड़ा सहारा बनीं, जहां रेलवे की सुविधा नहीं है। प्रदेश सरकार ने प्रत्येक गांव को रोडवेज से जोड़ने का जो प्रयास किया था, उसके माध्यम से गांव-गांव से लोग महाकुम्भ पहुंच सके। रोडवेज चालकों ने बिना थके लोगों को महाकुम्भ की यात्रा करायी।
मुख्यमंत्री जी ने भ्रमण के दौरान महाकुम्भनगर में संचालित नेत्रकुम्भ का निरीक्षण किया और वहां किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने ओ0पी0डी0 का निरीक्षण कर डॉक्टरों और आयोजन समिति के सदस्यों से संवाद किया। मुख्यमंत्री जी ने इतनी बड़ी संख्या में मरीजों को व्यवस्थित इलाज प्रदान किए जाने के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की। डॉक्टरों ने बताया कि यह एक कठिन कार्य था, लेकिन सुव्यवस्थित प्रबन्धन के चलते इसमें सफलता मिली। मुख्यमंत्री जी ने इस सेवाभाव के लिए सभी डॉक्टरों और आयोजकों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि महाकुम्भ के दौरान नेत्रकुम्भ में 2.37 लाख मरीजों की जांच की गई तथा 1.63 लाख चश्मे वितरित किए गए हैं।
ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम के दृष्टिगत नेत्रकुम्भ की सेवा को एक दिन के लिए और बढ़ा दिया गया है। पहले 26 फरवरी को इसका समापन होना था, लेकिन बाद में इसकी तिथि 27 फरवरी तक बढ़ा दी गई।
मुख्यमंत्री जी ने भ्रमण के अवसर पर श्री बड़े हनुमान जी मन्दिर में दर्शन-पूजन भी किया।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know