नेशनल स्कूल बैण्ड प्रतियोगिता में सी.एम.एस. को प्रथम पुरस्कार

लखनऊ, 27 जनवरी। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, कानपुर रोड कैम्पस के प्रतिभाशाली छात्रों की 

30 सदस्यीय पाइप बैण्ड टीम ने नई दिल्ली के नेशनल स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय स्कूल बैण्ड प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार अर्जित कर पूरे देश में लखनऊ का गौरव बढ़ाया है। यह प्रतियोगिता 76वें गणतन्त्र दिवस समारोह के अन्तर्गत आयोजित हुई, जिसमें देश भर के प्रतिष्ठित विद्यालयों ने भाग लिया तथापि कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस की पाइप बैण्ड टीम ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया। इस अभूतपूर्व उपलब्धि हेतु 

सी.एम.एस. छात्र टीम को प्रशस्ति पत्र, ट्राफी एवं रु. 21,000/- के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने सी.एम.एस. पाइप बैण्ड टीम को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। प्रो. किंगडन ने बैण्ड टीम का नेतृत्व करने वाले शिक्षकों व प्रधानाचार्या डा. विनीता कामरान का भी हार्दिक आभार व्यक्त किया। यह जानकारी सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स श्री ऋषि खन्ना ने दी है।

श्री खन्ना ने बताया कि नेशनल स्कूल बैण्ड प्रतियोगिता में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से लखनऊ का गौरव बढ़ाने वाले सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस के छात्रों में अभिषेक पाण्डेय, निहाल कुमार, अथर्व तिवारी, अक्षत जायसवाल, अविरल सागर, आयुष कुमार पाण्डेय, पृथ्वी सिंह सत्या, नमनजीत सिंह, मनोमय तिवारी, यशार्थ विक्रम सिंह, संस्कार सिंह, सक्षम उपाध्याय, अथर्व परमार, आयुष वर्मा, वैभव सहगल, गणेश गुप्ता, कनिष्क गुप्ता, आरुष शुक्ला, अर्पण चटर्जी, ऐरिक शुक्ला, प्रख्यात दुबे, अंश कश्यप, नमन कुमार, युवराज प्रकाश वर्मा, अथर्व मणि, मानस त्रिपाठी, देबांजन चक्रवर्ती, द्वीप पाल, अंश प्रताप यादव एवं वंशराज द्विवेदी शामिल हैं। राष्ट्रीय स्तर पर सी.एम.एस. छात्रों की यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, संगीत के प्रति लगाव एवं विद्यालय के संगीत शिक्षकों के प्रोत्साहन व मार्गदर्शन का परिणाम है। 

श्री खन्ना ने बताया कि सी.एम.एस. अपने छात्रों की रुचि के क्षेत्रों में सर्वांगीण विकास हेतु प्रतिबद्ध है। 

सी.एम.एस. भावी पीढ़ी को भौतिक, सामाजिक व आध्यात्मिक शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ ही साँस्कृतिक व साहित्यिक क्षेत्रों में भी उनका रुझान विकसित करता है तथापि उनकी क्षमता को पहचानकर उन्हें प्रोत्साहित करता है। यही कारण है कि सी.एम.एस. छात्र पढ़ाई में तो अव्वल रहते ही हैं साथ ही साथ गीत-संगीत, नृत्य, साहित्य व कला जैसे क्षेत्रों में भी विद्यालय के छात्रों ने अलग पहचान बनाई है।

 


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने