उतारा, भारत को दुनिया के सामने एक समर्थ और सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित किया
लखनऊ : 07 अक्टूबर, 2026 :ः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि आज का दिन अत्यन्त गौरव का दिन है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के अहर्निश सेवा के 25 वर्ष आज पूरे हो रहे हैं। पूरा देश इसे उत्सव के रूप में मना रहा है। प्रधानमंत्री जी ने बिना भेदभाव ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना को धरातल पर उतारने का कार्य किया है। गुजरात के एक छोटे से गांव से निकलकर एक सामान्य कार्यकर्ता और स्वयंसेवक के रूप में सार्वजनिक जीवन में आगे बढ़ते हुए प्रधानमंत्री जी वैश्विक स्तर पर भारत को नई पहचान दिला रहे हैं। विगत 12 वर्षों में भारत को दुनिया के सामने एक समर्थ और सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने प्रत्येक भारतीय के मन में विश्वास पैदा किया और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के भाव के साथ नए भारत के निर्माण की दिशा में देश को आगे बढ़ाया।
मुख्यमंत्री जी आज यहां प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अन्तर्गत सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। मुख्यमंत्री जी ने सेवा ज्योति यात्रा को विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया तथा जन सेवा से देश सेवा आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने जी0पी0ओ0 पार्क स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जी तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी श्री नितिन नबीन जी के सम्बोधन का लाइव प्रसारण देखा गया। इस अवसर पर विकसित भारत/2047 के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया गया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 07 अक्टूबर, 2001 को श्री नरेन्द्र मोदी जी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली थी। उस समय गुजरात भीषण आपदा की चपेट में था और पूरे प्रदेश में त्रासदी एवं अव्यवस्था का वातावरण था। ऐसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मुख्यमंत्री का दायित्व संभालते हुए उन्होंने गुजरात को एक मॉडल स्टेट के रूप में देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत करने की यात्रा प्रारम्भ की।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह भी अद्भुत संयोग है कि जब श्री नरेन्द्र मोदी जी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, तब भारत के प्रधानमंत्री और लखनऊ के सांसद श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी थे और आज जब श्री नरेन्द्र मोदी जी प्रधानमंत्री हैं, तो वह उत्तर प्रदेश के वाराणसी संसदीय क्षेत्र के सांसद के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी के सार्वजनिक जीवन की 25 वर्षों की यह यात्रा गांव से ग्लोबल तक की यात्रा है। साथ ही, भारत के प्रत्येक नागरिक के जीवन में परिवर्तन और नए भारत के निर्माण की यात्रा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज का भारत वह भारत है जिसने अपने युवाओं के मन में विश्वास पैदा किया है, हर बहन को सुरक्षा की गारण्टी दी है, अन्नदाता किसान के जीवन में खुशहाली लाने का काम किया है और नौजवानों के सामने रोजगार एवं स्वरोजगार की सम्भावनाओं को मजबूत किया है। आज से 12 वर्ष पहले भारत को ‘फ्रेजाइल फाइव’ के रूप में देखा जाता था और दुनिया की कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था, लेकिन आज भारत आर्थिक मोर्चे पर उल्लेखनीय प्रगति करते हुए प्रति व्यक्ति आय को भी तेजी से आगे बढ़ाने में सफल हुआ है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि एक समय भारत में कुछ हजार स्टार्ट-अप्स ही थे, जो कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ रहे थे। लेकिन आज देश में ढाई लाख से अधिक स्टार्ट-अप्स हैं। भारत के स्टार्ट-अप ईकोसिस्टम की गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दे रही है। मिशन रोजगार के माध्यम से नौजवानों के लिए नौकरी, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। आज आत्मविश्वास से भरा भारत का युवा देश के लिए कुछ कर गुजरने की सामर्थ्य रखता है। उसकी प्रतिभा भारत की ताकत और उसका विश्वास देश का सामर्थ्य है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आज भारत में कनेक्टिविटी का बेहतरीन नेटवर्क तैयार हुआ है। रेलवे में व्यापक परिवर्तन आया है। ब्रॉड गेज, इलेक्ट्रिफिकेशन और माल ढुलाई के लिए डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर जैसी सुविधाओं ने रेलवे को नई गति दी है। वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाएं वर्ल्ड क्लास सुविधाओं के साथ भारत की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रही हैं। एयर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। वर्ष 1947 से 2014 तक देश में जितने एयरपोर्ट बने थे, आज उससे दोगुने से अधिक एयरपोर्ट देश में हैं। प्रधानमंत्री जी के प्रयासों से हवाई चप्पल पहनने वाले व्यक्ति का भी हवाई जहाज की यात्रा करने का सपना साकार हुआ है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कभी वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया के माध्यम से अराजकता और भय का वातावरण पैदा किया जाता था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश की पहचान वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज, वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुज़ीन के रूप में बन रही है। जिस व्यक्ति के हाथ में हुनर है, उस कारीगर को उद्यमी बनाने और हस्तशिल्पी को सम्मान देने की यात्रा प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के सेवा संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
जब जनधन अकाउण्ट खोलने और डिजिटल इण्डिया की बात की गई, तब विपक्ष के लोग उसका उपहास उड़ाते थे। लेकिन आज डी0बी0टी0 (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रान्सफर) के माध्यम से दिल्ली और लखनऊ से चलने वाली योजनाओं का पैसा सीधे गरीब, बहनों, अन्नदाता किसानों, युवाओं और श्रमिकों के खातों में पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश ने उन कार्यों को सम्भव कर दिखाया, जिन्हें कभी असम्भव माना जाता था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज देश में 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन, गरीबों के लिए आवास, रसोई गैस कनेक्शन, स्टार्ट-अप ईकोसिस्टम, हाईवे और एक्सप्रेसवे का नेटवर्क तथा उत्तर प्रदेश में इनलैण्ड वॉटर-वे जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह नए भारत के बदलते स्वरूप का प्रमाण है। एक समय भारत को एक छोटी सी चिप के लिए भी दुनिया के अन्य देशों पर निर्भर रहना पड़ता था। यदि चिप की आपूर्ति रुक जाती थी तो इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग की पूरी प्रक्रिया प्रभावित होती थी। आज भारत में सेमीकण्डक्टर के क्षेत्र में 12 से अधिक बड़े उद्योग या तो क्रियाशील हो चुके हैं अथवा बड़े निवेश की प्रक्रिया में हैं। भारत अब दुनिया को चिप एक्सपोर्ट करने की दिशा में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। एक समय डिफेन्स सेक्टर में भी भारत दुनिया पर निर्भर था, लेकिन आज भारत हजारों करोड़ रुपये के डिफेन्स मैन्युफैक्चरिंग उत्पाद दुनिया के देशों तक पहुंचाने में सक्षम हो रहा है। इसी प्रकार हेल्थ, एजुकेशन और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भी देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि एक समय देश में केवल दिल्ली में एम्स जैसे संस्थानों की उपलब्धता थी। श्रद्धेय अटल जी ने एम्स की संख्या छह तक पहुंचाई थी। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आज देश में एम्स की संख्या 23 तक पहुंची है। आई0आई0टी0, आई0आई0एम0 और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी के प्रत्येक क्षेत्र में युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि लखनऊ की विभिन्न विधानसभाओं सरोजनी नगर, उत्तर, पूर्व, कैंट, मोहनलालगंज, बख्शी का तालाब, पश्चिम और मध्य विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में पहुंचे हैं। सेवा ज्योति कलश एवं मशाल को लेकर सभी कार्यकर्ता अपनी-अपनी विधानसभाओं में जाएंगे और प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों की सेवा, सुशासन एवं राष्ट्र निर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कल उत्तर प्रदेश के राज्यसभा चुनाव ने संकेत दे दिया है कि विधानसभा चुनाव का परिणाम क्या होने जा रहा है। यह लड़ाई 80 और 20 की फिर आ गई है अर्थात 80 प्रतिशत एन0डी0ए0 में और 20 प्रतिशत पी0डी0ए0 में। पी0डी0ए0 का क्या हाल होने वाला है, यह भी आने वाले समय में सामने आएगा।
------------
.jpg)
.jpg)
.jpg)
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know