मुख्यमंत्री ने स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की 8वीं बैठक में
प्रदेश में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की

प्रदेश में संचालित बड़ी परियोजनाओं को केवल प्रक्रियाओं तक सीमित
न रखा जाए, उन्हें समयबद्ध ढंग से धरातल पर उतारा जाए : मुख्यमंत्री

अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी या फील्ड में तैनात अधिकारी औद्योगिक और इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास की परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ तेजी से पूर्ण कराएं

औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक परियोजनाओं में
आवश्यक प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा कराने के निर्देश

महिला श्रम सहभागिता बढ़ाने के लिए कामकाजी
महिला छात्रावासों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

मण्डियों में किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश

अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और होटलों में
वैध फायर एन0ओ0सी0 सुनिश्चित करने के निर्देश

लोक निर्माण विभाग के सभी कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश
 
जीरो पॉवर्टी अभियान में प्रत्येक पात्र परिवार को
सम्बन्धित योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए

जहां कहीं भी बिजली आपूर्ति बाधित, उसे शीघ्र बहाल किया जाए, उपभोक्ताओं
की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए टोल फ्री नम्बर 24x7 सक्रिय रखा जाए
 
लखनऊ : 08 अक्टूबर, 2026

     उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां लोक भवन में स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की 8वीं बैठक में प्रदेश में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। इसमें विभिन्न विकास परियोजनाओं, औद्योगिक निवेश, ऊर्जा, कौशल विकास, श्रमिक कल्याण और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संचालित बड़ी परियोजनाओं को केवल प्रक्रियाओं तक सीमित न रखा जाए, उन्हें समयबद्ध ढंग से धरातल पर उतारा जाए। अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी या फील्ड में तैनात अधिकारी औद्योगिक और इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास की परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ तेजी से पूर्ण कराएं। भूमि अधिग्रहण, स्वीकृति, निविदा और अन्तर्विभागीय समन्वय से जुड़ी बाधाओं का तत्काल समाधान किया जाए।
एक्सप्रेसवे परियोजनाओं की समीक्षा के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि चित्रकूट लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए 04 निविदाएं प्राप्त हो चुकी हैं और अक्टूबर में निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। फर्रुखाबाद, आगरा-लखनऊ-पूर्वान्चल लिंक, झांसी और जेवर लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए 80 से 91 प्रतिशत तक भूमि उपलब्ध हो चुकी है। मेरठ-हरिद्वार, विंध्य और विंध्य-पूर्वान्चल स्पर एक्सप्रेस-वे के लिए सत्यापन कार्य पूरा हो चुका है और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ायी जा रही है। मुख्यमंत्री जी ने सम्बन्धित जिलाधिकारियों से अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए शेष भूमि सम्बन्धी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में ग्रेटर नोएडा के मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब की भी समीक्षा हुई। यहां 323 हेक्टेयर में से 301 हेक्टेयर भूमि पर कब्जा प्राप्त हो चुका है। मुख्यमंत्री जी ने औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक परियोजनाओं में आवश्यक प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए। महिला श्रम सहभागिता बढ़ाने के लिए कामकाजी महिला छात्रावासों की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री जी ने इनके निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रावासों के निर्माण के साथ ही उनके प्रभावी संचालन के लिए भी अच्छी और उपयोगी नीति तैयार की जाए।
जीरो पॉवर्टी अभियान की समीक्षा के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि चिन्हित 12.50 लाख परिवारों में से करीब 09 लाख परिवार आवास के पात्र पाए गए हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 30,725 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। अभियान के तहत पात्र परिवारों को श्रमिक पंजीकरण, आयुष्मान कार्ड, अन्त्योदय कार्ड, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने का कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अभियान में केवल पात्र परिवारों का चिन्हांकन पर्याप्त नहीं है, प्रत्येक पात्र परिवार को सम्बन्धित योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने मण्डियों में किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मण्डियों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था हो, जलभराव की स्थिति न बने और किसानों को अपनी उपज के साथ किसी प्रकार की असुविधा न हो। मण्डी परिसरों की नियमित निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
हाल के दिनों में कई क्षेत्रों में हुई अतिवृष्टि को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बिजली आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां कहीं भी बिजली आपूर्ति बाधित है, उसे शीघ्र बहाल किया जाए। उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए टोल फ्री नम्बर 24x7 सक्रिय रखा जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक उपभोक्ता को सही और समय पर बिजली बिल उपलब्ध हो। मुख्यमंत्री जी ने बिजली चोरी और लाइन लॉस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए फीडरवार ऑडिट कर वास्तविक स्थिति सामने लाने के निर्देश दिए
मुख्यमंत्री जी ने अग्नि सुरक्षा की समीक्षा में अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और होटलों में वैध फायर एन0ओ0सी0 सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एन0ओ0सी0 की अवधि समाप्त होने से पहले नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी कर अग्नि सुरक्षा मानकों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने लोक निर्माण विभाग की 50 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 279 परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अनुबन्ध के अनुसार सभी कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी की प्रगति की समीक्षा में मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि 454 करोड़ रुपये की लागत से 11,350 ग्राम पंचायतों में लाइब्रेरी स्थापित की जा रही हैं। इनमें शत-प्रतिशत एन0बी0टी0 पुस्तकें और 96 प्रतिशत फर्नीचर पहुंच चुका है तथा 99 प्रतिशत लाइब्रेरी में पठन-पाठन शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री जी ने शेष हार्डवेयर आपूर्ति में तेजी लाने और रियल टाइम डैशबोर्ड के माध्यम से नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
--------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने