गोंडा - गोंडा के स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित माध्यमिक विद्यालयों की जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंतिम दिन नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज, नवाबगंज की बेटियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और दमखम का लोहा मनवाया। सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर—तीनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल करते हुए विद्यालय ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।
नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं का जनपदीय एथलेटिक्स में यह दबदबा कोई नया नहीं है। दशकों से लगातार विद्यालय की बेटियां खेल के मैदान में अपनी श्रेष्ठता साबित करती आ रही हैं। इस बार भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी विद्यालय की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा 11 की छात्रा अंजली यादव ने जूनियर वर्ग में जेवलिन थ्रो, 800 मीटर दौड़ एवं ट्रिपल जंप में प्रथम स्थान हासिल कर व्यक्तिगत चैंपियनशिप अपने नाम की।
वहीं कक्षा 8 की छात्रा कोमल यादव ने सब जूनियर वर्ग में 200 मीटर, 400 मीटर एवं 600 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए व्यक्तिगत चैंपियनशिप हासिल की। इसी वर्ग में कक्षा 8 की छात्रा अर्चना यादव ने 100 मीटर दौड़, गोला फेंक एवं चक्र फेंक में प्रथम स्थान प्राप्त कर व्यक्तिगत चैंपियनशिप अपने नाम की।
विद्यालय की व्यायाम शिक्षिका श्रीमती किरन चौहान ने छात्राओं की शानदार सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्राओं की कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की बेटियों ने जिस आत्मविश्वास और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में प्रदर्शन किया है, वह पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने सभी विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक आदरणीय रामचन्द्र जी ने नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज, नवाबगंज को ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की पूर्व प्रधानाचार्या श्रीमती सुनीता रानी, अध्यापिका श्रीमती प्रियंका गुप्ता, श्रीमती सुमन श्रीवास्तव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज की बेटियों की यह उपलब्धि न केवल विद्यालय, बल्कि नवाबगंज और पूरे जनपद गोंडा के लिए गर्व का विषय है। बेटियों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अवसर और सही मार्गदर्शन मिले तो वे हर मैदान में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकती हैं।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know