बलरामपुर- वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाने के दृष्टिगत जिले के रिटेल आउटलेट (पेट्रोल पम्प) का संचालन प्रतिदिन सामान्यतः प्रातः 07.00 बजे से रात्रि 09.00 बजे तक करने के निर्देश दिए गए हैं। अपरिहार्य परिस्थितियों में उक्त निर्धारित अवधि के पहले या बाद में सम्बन्धित अधिकारियों/पुलिस को सूचित करने के उपरान्त ही ईंधन दिया जा सकेगा।
इस प्रकार की शिकायत प्राप्त हुई थी कि कुछ लोगों द्वारा पेट्रोल पम्पों से डीजल-पेट्रोल जरीकेन आदि में ले जाकर अधिक मूल्य पर बेचा जा रहा है। इस स्थिति को नियंत्रित करने के दृष्टिगत यह तय किया गया है कि जरीकेन/गैलन/डिब्बा आदि में पेट्रोल किसी भी दशा में निर्गत नहीं किया जायेगा। दिनांक 22.04.2026 से किसानों की समुचित पहचान (फार्मर रजिस्ट्री/किसान बही देखकर) करके उन्हें 5 से 10 लीटर तक डीजल जेरीकेन या डिब्बे में दिया जा रहा है। किसानों एवं सरकारी विभागों के अधिकृत व्यक्तियों के अतिरिक्त किसी अन्य व्यक्ति को बिना सम्बन्धित अधिकारी/पुलिस को सूचित किए बिना जरीकेन/गैलन/डिब्बे में डीजल नहीं दिया जा रहा है। जिला प्रशासन के इस कदम के सकारात्मक परिणाम आये हैं और आज दिनांक 23.04.2026 को जिले में स्थित पेट्रोल पम्पों पर डीजल लेने वालों की संख्या पहले की अपेक्षा बहुत कम रही है। पेट्रोल लेने के लिए जो भीड़ अभी भी देखी जा रही है, उसको नियंत्रित करने के लिए तेल कम्पनियों के सेल्स अधिकारियों से कहा गया है कि वे शुक्रवार दिनांक 24.04.2026 से जिले में पेट्रोल की आमद बढ़ा लें। तेल कम्पनियों के अधिकारियों द्वारा आश्वस्त किया गया है कि वे कल से जिले में पेट्रोल की आमद को पहले की तुलना में बढ़ाकर पेट्रोल की बढ़ी हुई मांग को नियंत्रित करने का प्रयास करेंगे।
सेल्स अधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार दिनांक 23 अप्रैल, 2026 को आई०ओ०सी० के 24 पेट्रोल पम्पों पर पेट्रोल और 20 पर डीजल, एच०पी०सी० के 09 पेट्रोल पम्पों पर पेट्रोल और 08 पर डीजल और बी०पी०सी० के 16 पेट्रोल पम्पों पर पेट्रोल और 14 पर डीजल की आमद हुई।
आज डीजल उपभोक्ताओं की भीड़ अन्य दिनों की अपेक्षा कम देखी गई। पेट्रोल लेने वाले उपभोक्ताओं की संख्या तुलनात्मक रूप से अधिक देखी गई।
जिले के पेट्रोल पम्पों पर प्रतिदिन डीजल-पेट्रोल की आमद हो रही है और औसत बिक्री के तुलना में पिछले 01 सप्ताह से बहुत अधिक बिक्री होने के बावजूद बढ़ी हुई मात्रा में डीजल-पेट्रोल प्राप्त हो रहा है। यदि पैनिक बाइंग न हो और जिले के दोपहिया और चार पहिया वाहन चालक अपनी सामान्य जरूरत भर का डीजल-पेट्रोल ही लें, तो डीजल-पेट्रोल की उपलब्धता और आपूर्ति पूर्व की भांति सामान्य हो जाएगी।
बलरामपुर जिले में प्रतिदिन औसतन 92000 लीटर पेट्रोल और 141000 लीटर डीजल की बिक्री होती थी, परन्तु दिनांक 15 अप्रैल, 2026 को 147200 लीटर पेट्रोल और 188100 लीटर डीजल, दिनांक 16 अप्रैल, 2026 को 135900 लीटर पेट्रोल और 256100 लीटर डीजल, दिनांक 17 अप्रैल, 2026 को 155654 लीटर पेट्रोल और 311502 लीटर डीजल, दिनांक 18 अप्रैल, 2026 को 130502 लीटर पेट्रोल और 232761 लीटर डीजल, दिनांक 19.04.2026 को 178890 लीटर पेट्रोल और 261020 लीटर डीजल, दिनांक 20.04.2026 को 97242 लीटर पेट्रोल और 170586 लीटर डीजल, दिनांक 21.04.2026 को 239800 लीटर पेट्रोल और 334000 लीटर डीजल और दिनांक 22.04.2026 को 166705 लीटर पेट्रोल और 227841 लीटर डीजल की बिक्री हुई, जो औसत बिक्री से बहुत अधिक है। इसके बावजूद डीजल-पेट्रोल की आमद बढ़ाकर मांग और आपूर्ति को संतुलित करने का प्रयास किया गया।
डीजल-पेट्रोल की औसत से बहुत अधिक बिक्री होने के बावजूद डीजल-पेट्रोल की आमद बढ़ाकर मांग और आपूर्ति को संतुलित करने का प्रयास किया गया है।
तेल कम्पनियों के सेल्स ऑफिसरों से समन्वय करके जिले में आपूर्ति की निरंतरता को बनाये रखने का प्रयास किया गया है। इसके परिणामस्वरूप स्थिति में यथाशीघ्र गुणात्मक सुधार की प्रबल संभावना है।
*जनसामान्य से विशेष अपील*
जिला प्रशासन सभी नागरिकों से विनम्र अपील करता है कि भ्रामक खबरों से बचें; और सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली किसी भी अपुष्ट खबर पर विश्वास न करें। डीजल एवं पेट्रोल का स्टॉक करना न केवल असुरक्षित है, बल्कि यह कृत्रिम मांग पैदा कर दूसरों के लिए असुविधा उत्पन्न करता है। अतः अपनी दैनिक आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल/डीजल खरीदें। जिला प्रशासन हर नागरिक को सुगमता से पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know