जलालपुर, अंबेडकरनगर। स्थानीय श्री शीतला माता मठिया मंदिर परिसर में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। यहां श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और भक्ति की मधुर लहरों ने सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।

प्रसिद्ध भक्त नीरज जलालपुरी और उनकी भक्त मंडली द्वारा आयोजित भव्य आरती ने सबका मन मोह लिया। भगवान भोलेनाथ का इतना सुंदर और दिव्य श्रृंगार देखते ही बनता था, जिसे दिशांत गुप्ता ने अपनी कलात्मकता से साकार किया। माँ पार्वती के साथ विराजमान भोलेनाथ की छटा देखकर भक्त गद्गद हो उठे।

आरती के दौरान आशीष जैन, शुभम गुप्ता, सोनू जायसवाल, अभिषेक सोनकर, सौरभ सैनी, ऋतिक अग्रवाल, शुभम बरनवाल और सोनू खेतान ने अपने मधुर कंठों से मंत्रों और भजनों का उच्चारण किया। उनकी भक्ति में ऐसा रंग चढ़ा कि वहां उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालु झूम-झूम कर भगवान शंकर का गुणगान करने लगे। माँ शीतला के इस पवित्र धाम में भोलेनाथ की कृपा से पूरा वातावरण सकारात्मक ऊर्जा और आनंद से सराबोर हो गया।
इस भव्य आयोजन में चार चाँद लगाए माँ की महिमा चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष विकास निषाद ने। उन्होंने भव्य शिव-पार्वती विवाह का प्रतीकात्मक आयोजन किया, जिसे देखकर ऐसा लगा मानो साक्षात कैलाश इस धरती पर उतर आया हो। जय-कारा और मंगल गीतों के बीच जब भोले का बारात निकली, तो भक्तों का उत्साह चरम पर था।

इस पावन अवसर पर भगवान शिव के भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। संगीतमय आयोजन और मनमोहक सजावट ने हर किसी का मन जीत लिया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में सैकड़ों की तादाद में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान भोलेनाथ और माँ शीतला का आशीर्वाद लिया।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने