उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज सिंगापुर में बिजनेस फेडरेशन सिंगापुर द्वारा उत्तर प्रदेश इन्वेस्टमेण्ट रोड-शो के अन्तर्गत आयोजित ‘बिजनेस लीडर्स संवाद’ कार्यक्रम को सम्बोधित किया। मुख्यमंत्री जी ने सभी बिजनेस लीडर्स को उत्तर प्रदेश में निवेश हेतु आमंत्रित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में आपका निवेश सुरक्षित होगा। बिजनेस की सम्भावनाओं को आगे बढ़ाने में उत्तर प्रदेश आपके सामने प्रस्तुत है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सिंगापुर के बिजनेस लीडर्स से विभिन्न चरणों में संवाद हुआ है। सिंगापुर के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, उप प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, ऊर्जा मंत्री व उद्यमियों के साथ परस्पर विकास की सम्भावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया है। प्रतिनिधिमण्डल के साथ उन्होंने कई सेण्टर का निरीक्षण भी किया है। टेमासेक, जी0आई0सी0, यू0एस0सी0, जी0एस0एस0 ग्रीन, सैप कोर्स, ब्लैक स्टोन इत्यादि संस्थाओं के चेयरमैन और सी0ई0ओ0 के साथ हमारी सार्थक चर्चा हुई है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि नये व आधुनिक भारत के शिल्पी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में विगत 09 वर्षों में उत्तर प्रदेश के ‘पोटेंशियल को परफॉर्मेंस’ में बदलने का कार्य किया गया है। यहाँ हर इण्डस्ट्री लीडर उत्तर प्रदेश को भारत के ड्रीम डेस्टिनेशन के रूप में देख रहा है। उत्तर प्रदेश भारत की इकोनॉमी के ग्रोथ इंजन के रूप में कार्य कर रहा है, इन सम्भावनाओं को यहाँ लोगों ने देखा है। उत्तर प्रदेश में आने वाले सभी निवेश सुरक्षित हैं, जो भारत की सम्भावनाओं को आगे बढ़ाने वाले साबित होंगे। उत्तर प्रदेश सरकार ने विगत 09 वर्षों में राज्य में सुरक्षा के साथ-साथ स्केल को स्किल एवं स्पीड के साथ जोड़ा है। उत्तर प्रदेश टेक्नोलॉजी और ट्रस्ट का प्रदेश ही नहीं, बल्कि भारत में ट्रांसफॉर्मेशन के नये युग को बढ़ाने वाला प्रदेश है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में 34 से अधिक सेक्टोरल पॉलिसी हैं। सुरक्षा का एक बेहतरीन वातावरण है। इन सभी के बीच हमने उत्तर प्रदेश में वर्ल्ड क्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर भी उपलब्ध कराया है। औद्योगीकरण के साथ ही सर्विस सेक्टर में भी अनन्त सम्भावनाओं को प्रदेश में प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। उत्तर प्रदेश में बड़ा इन्वेस्टमेण्ट करना आसान है, क्योंकि उत्तर प्रदेश में आज प्रशिक्षित एवं कुशल मैनपावर उपलब्ध है। प्रदेश में 75 हजार एकड़ लैण्ड बैंक एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट व डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के आसपास उपलब्ध है। यह लैण्ड बैंक इन्वेस्टमेण्ट, इण्डस्ट्रियलाइजेशन, लॉजिस्टिक्स तथा सर्विस सेक्टर को स्थापित करने में मदद करेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि किसी भी इण्डस्ट्री के लिए जो आधार चाहिए, वह एम0एस0एम0ई0 सेक्टर होता है। यह सेक्टर उत्तर प्रदेश में पहले से मौजूद है। प्रदेश में 96 लाख एम0एस0एम0ई0 यूनिट संचालित हैं। इन यूनिट्स ने 03 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार से जोड़ रखा है। आज उत्तर प्रदेश पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ने का कार्य कर रहा है। भारत और सिंगापुर के बीच रणनीतिक साझेदारी के फोकस सेक्टर डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर, फिनटेक, स्मार्ट नेशन टू सेमीकण्डक्टर, ग्रीन शिपिंग कॉरिडोर हैं। भारत में सर्वाधिक एफ0डी0आई0 सिंगापुर करता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने ‘लैण्ड ऑफ पोटेंशियल से लैण्ड ऑफ परफॉर्मेन्स’ की सफलतापूर्वक यात्रा आप सबके सामने प्रस्तुत की है। विगत 09 वर्षों में उत्तर प्रदेश की जी0एस0डी0पी0 13 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये होने जा रही है। दुनिया में किसी भी स्थान पर ऐसा देखने को नहीं मिला होगा, कि वह राज्य अपनी अर्थव्यवस्था को 09 वर्षों में लगभग तीन गुना बढ़ाने में सफल हुआ हो। उत्तर प्रदेश भारत की अर्थव्यवस्था में 9.5 प्रतिशत का योगदान दे रहा है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में उत्तर प्रदेश, भारत में टॉप अचीवर स्टेट है। भारत में डी-रेगुलेशन रैंकिंग में फर्स्ट रैंक उत्तर प्रदेश की है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विगत 05 वर्षों में उत्तर प्रदेश रेवेन्यू सरप्लस स्टेट बनकर उभरा है। आज उत्तर प्रदेश में ट्रिपल एस-‘सेफ्टी, स्टेबिलिटी और स्पीड’ है। प्रदेश में सभी सेक्टरों में जो कार्य किए गए हैं, यह सभी उत्तर प्रदेश के विकास का मल्टीप्लायर इम्पैक्ट हैं। इस इफेक्ट को आगे बढ़ाकर उत्तर प्रदेश के विजन को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के रूप में स्थापित करना है। आगामी 03 से 04 वर्षों में उत्तर प्रदेश अपने आपको 01 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी के रूप में स्थापित करेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारत में सबसे ज्यादा फूड ग्रेन का उत्पादन करने वाला राज्य उत्तर प्रदेश है। उत्तर प्रदेश के पास भारत की 11 प्रतिशत लैण्ड है, जिसमें से उत्तर प्रदेश 21 प्रतिशत से अधिक फूड ग्रेन का उत्पादन करता है। उत्तर प्रदेश ने अपने आपको भारत के फूड बास्केट के रूप में स्थापित किया है। फूड प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन से सम्बन्धित अन्य अभियान के लिए उत्तर प्रदेश इन्वेस्टमेण्ट के लिए प्रत्येक निवेशक को आमंत्रित करता है। निवेशकों को इन्फ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स, इण्डस्ट्रियल पार्क और गुड गवर्नेन्स का लाभ उत्तर प्रदेश में प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारत के कुल एक्सप्रेस-वे का 55 प्रतिशत उत्तर प्रदेश में है। रेलवे का लगभग 16 हजार कि0मी0 का सबसे बड़ा नेटवर्क भी उत्तर प्रदेश में है। उत्तर प्रदेश के 07 शहरों में मेट्रो का संचालन किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में 16 डोमेस्टिक एयरपोर्ट्स और 04 इण्टरनेशनल एयरपोर्ट्स संचालित हैं। 5वाँ इण्टरनेशनल एयरपोर्ट नोएडा के जेवर में बन रहा है। बहुत शीघ्र ही हम उसे राष्ट्र को समर्पित करने वाले हैं। नोएडा एयरपोर्ट में ही कार्गों और एम0आर0ओ0 की सुविधा विकसित करने की दृष्टि से हमने सिंगापुर का भ्रमण किया है। जेवर एयरपोर्ट के पास हमने सिंगापुर सिटी के लिए भी एक डेडिकेटेड प्लान को प्रस्तुत किया है। हमने लैण्ड की व्यवस्था की है, निवेशकों का यहाँ पर स्वागत है।
एक्सप्रेस-वे, हाई-वे पर हमने 27 इण्डस्ट्रियल क्लस्टर को डेवलप करने की कार्यवाही को आगे बढ़ाया है। उत्तर प्रदेश एक लैण्ड लॉक्ड स्टेट है। उत्तर प्रदेश के पास सबसे अच्छा जल संसाधन भी है। प्रदेश की नदियों को वॉटर-वे के रूप में भी आगे बढ़ाने का कार्य किया गया है। भारत का पहला वॉटर-वे वाराणसी से हल्दिया के बीच में संचालित हो चुका है। इस पर मल्टीमोडल विलेज की स्थापना करने की कार्यवाही तेजी के साथ आगे बढ़ी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारत के 55 प्रतिशत मोबाइल व 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कम्पोनेण्ट की मैन्युफैक्चरिंग होती है। विगत कुछ वर्षों में प्रदेश में स्थापित इण्डस्ट्री की संख्या 14 हजार से बढ़कर 31 हजार हुई है। उत्तर प्रदेश में निवेशकों को निवेश मित्र व निवेश सारथी नामक सिंगल विण्डो क्लीयरेन्स की सुविधा उपलब्ध है। उद्यमी मित्र के माध्यम से सफलतापूर्वक इन्वेस्टमेण्ट के बाद इन्सेण्टिव वितरण कार्य ऑनलाइन होता है, जिसमें डी0बी0टी0 के माध्यम से इन्वेस्टर्स के बैंक खाते में पैसा सीधे चला जाता है। टाइम बाउण्ड क्लीयरेन्स व ट्रांसपैरेण्ट लैण्ड अलॉटमेण्ट की व्यवस्था उत्तर प्रदेश में है। उत्तर प्रदेश में एफ0डी0आई0 व फॉर्च्युन 500 कम्पनियों के लिए भी एक डेडिकेटेड पॉलिसी उपलब्ध करायी गयी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ आबादी में से 56 फीसदी आबादी कामकाजी है। उत्तर प्रदेश में स्किल मैनपावर उपलब्ध है। लेबर रिफॉर्म, एजुकेशन, हेल्थ, स्किल डेवलपमेण्ट, एम0एस0एम0ई0, ओ0डी0ओ0पी0, स्टार्ट-अप में उत्तर प्रदेश की ताकत हम सबको आगे बढ़ा रही है। इसी का परिणाम है कि विगत 09 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने अपने एक्सपोर्ट को ढाई गुना से अधिक बढ़ाने में सफलता प्राप्त की है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के वित्त और संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री श्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’, सलाहकार मुख्यमंत्री श्री अवनीश कुमार अवस्थी, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त श्री दीपक कुमार, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ0 शिल्पक अम्बुले, सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के वाइस चेयरमैन श्री प्रसून मुखर्जी व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
.jpeg)
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know