केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री तथा मुख्यमंत्री अपना दल के संस्थापक डॉ0 सोनेलाल पटेल के 74वें जन्म जयन्ती के कार्यक्रम में सम्मिलित हुए

डॉ0 सोनेलाल पटेल ने अपना पूरा जीवन गरीब तबके के सभी समाजों को एकत्रित कर संघर्ष के रास्ते पर चलकर उनके जीवन में खुशियां लाने का कार्य किया : केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री

प्रधानमंत्री जी ने पिछड़ा वर्ग के राष्ट्रीय आयोग को संवैधानिक मान्यता देने का कार्य किया, जिससे पिछड़ा वर्ग के कल्याण का मार्ग प्रशस्त हुआ

प्रधानमंत्री जी ने देश में एम0बी0बी0एस0 व एम0डी0 की सीटों में 27-27 फीसदी आरक्षण देने, अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों की पूरी ट्यूशन फीस माफ करने, नीट के एक्जाम में ओ0बी0सी0 समुदाय के बच्चों को आरक्षण देने का कार्य किया

पेट्रोल और गैस की एजेन्सियों में ओ0बी0सी0 समाज को 27 प्रतिशत आरक्षण

मुख्यमंत्री जी ने उ0प्र0 की कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने, प्रदेश के पिछड़ा समाज, दलित व आदिवासी समाज के कल्याण की यात्रा प्रारम्भ करने का कार्य किया

मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उ0प्र0 में औद्योगिक निवेश बढ़ा

केन्द्र सरकार की सभी गरीब कल्याणकारी योजनाओं को उ0प्र0 शासन जमीन पर उतारकर एक-एक व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य कर रहा

राज्य सरकार द्वारा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 68 हजार से अधिक शिल्पियों को 100 करोड़ रु0 से अधिक की सहायता राशि प्रदान की गई

डॉ0 सोनेलाल पटेल ने अपना पूरा जीवन सामाजिक न्याय के लिए समर्पित किया : मुख्यमंत्री

विगत 09 वर्षों में सबको समान रूप से आगे बढ़ने का अवसर मिला, देश में सुरक्षा का बेहतर वातावरण निर्मित हुआ

प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में लोग बड़े विश्वास के साथ एन0डी0ए0 के साथ विश्वास करते हुए देश में एक नये भारत का दर्शन कर रहे

गृह मंत्री जी के नेतृत्व में कश्मीर आज लोकतंत्र की मुख्य धारा के साथ जुड़ा, नक्सलवाद सिमटते-सिमटते मात्र 03 से 04 जनपदों तक सीमित रह गया

जनपद प्रतापगढ़ के राजकीय मेडिकल कॉलेज का नाम डॉ0 सोनेलाल पटेल के नाम पर, जनपद बांदा के राजकीय मेडिकल कॉलेज का नाम महारानी दुर्गावती देवी के नाम पर

लखनऊ : 02 जुलाई, 2023 : गृह एवं सहकारिता मंत्री, भारत सरकार श्री अमित शाह जी तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां अपना दल के संस्थापक डॉ0 सोनेलाल पटेल जी के 74वें जन्म जयन्ती के कार्यक्रम (जन-स्वाभिमान दिवस) में सम्मिलित होकर डॉ0 पटेल को अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री द्वय श्री केशव प्रसाद मौर्य व श्री ब्रजेश पाठक, राज्य सरकार के मंत्रीगण सहित अन्य गणमान्य विभूतियों ने भी डॉ0 सोनेलाल पटेल को अपनी श्रद्धांजलि दी।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि डॉ0 सोनेलाल पटेल ने अपना पूरा जीवन गरीब तबके के सभी समाजों को एकत्रित कर संघर्ष के रास्ते पर चलकर उनके जीवन में खुशियां लाने का कार्य किया। सोनेलाल जी के पथ पर चलकर श्रीमती अनुप्रिया पटेल अपना दल (एस0) को आगे ले जाने तथा पिछड़ा वर्ग समाज के उत्थान के लिए संघर्ष कर रही हैं। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में अपना दल (एस0) राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबन्धन का सहयोगी घटक है।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री जी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने और प्रदेश के पिछड़ा वर्ग समाज, दलित व आदिवासी समाज के कल्याण की यात्रा प्रारम्भ करने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश बढ़ा है। केन्द्र सरकार की सभी गरीब कल्याणकारी योजनाओं को उत्तर प्रदेश शासन जमीन पर उतारकर एक-एक व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री जी ने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी कई बार सत्ता में रहीं, लेकिन पिछड़े वर्ग को संवैधानिक मान्यता देने का कार्य नहीं किया। प्रधानमंत्री जी ने पिछड़ा वर्ग के राष्ट्रीय आयोग को संवैधानिक मान्यता देने का कार्य किया है, जिससे पिछड़ा वर्ग के कल्याण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। पूरे देश में एम0बी0बी0एस0 व एम0डी0 की सीटों में 27-27 फीसदी आरक्षण देने, अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों की पूरी ट्यूशन फीस माफ करने, नीट के एक्जाम में ओ0बी0सी0 समुदाय के बच्चों को आरक्षण देने का कार्य मोदी सरकार ने किया है।
पेट्रोल और गैस की एजेन्सियों में ओ0बी0सी0 समाज को 27 प्रतिशत आरक्षण देने का कार्य प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने किया है। ओ0बी0सी0 की प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक सहायता के लिए अनुदान राशि सीधे डी0बी0टी0 के माध्यम से ओ0बी0सी0 विद्यार्थियों के बैंक एकाउण्ट में पहुंचाने का कार्य प्रधानमंत्री जी ने किया है। प्रधानमंत्री जी ने ओ0बी0सी0 के बच्चों को उद्योग के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए वेंचर कैपिटल फण्ड की स्थापना करने का कार्य किया है।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने जनपद आजमगढ़ में महाराजा सुहेल देव राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना करने तथा प्रतापगढ़ में डॉ0 सोनेलाल पटेल जी के नाम पर राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का कार्य किया है। राज्य सरकार द्वारा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 68 हजार से अधिक शिल्पियों को 100 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि डॉ0 सोनेलाल पटेल ने अपना पूरा जीवन सामाजिक न्याय के लिए समर्पित किया था। आज से 25-30 वर्ष पूर्व जिन मुद्दों को लेकर डॉ0 सोनेलाल पटेल ने संघर्ष किया था और अपना जीवन जिया था, उसका साकार रूप विगत 09 वर्षों में आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हम सबको देखने को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री जी द्वारा दिया गया ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ का नारा सामाजिक न्याय का सबसे अच्छा उदाहरण साबित हुआ है। शासन की योजनाओं का लाभ जाति, मत, मजहब का भेदभाव किए बिना समाज के हर वर्ग को प्राप्त हो, वास्तव में यही सामाजिक न्याय है। लोगों ने इस सामाजिक न्याय को महसूस किया है। विगत 09 वर्षों में सबको समान रूप से आगे बढ़ने का अवसर मिला है, देश में सुरक्षा का बेहतर वातावरण निर्मित हुआ है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि धरातल में सभी जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाएं फलीभूत हो रही हैं। सभी जनकल्याणकारी योजनाएं लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली सिद्ध हो रही हैं। इसी हकीकत का परिणाम है कि आज देश में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में जहां कहीं भी भारतीय जनता पार्टी जाती है, वहां पर भारतीय जनता पार्टी व उसके सहयोगी दलों का झण्डा मजबूती के साथ गड़ता हुआ दिखायी देता है। लोग बड़े विश्वास के साथ राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एन0डी0ए0) के साथ प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में विश्वास करते हुए देश में एक नये भारत का दर्शन कर रहे हैं। इस नये भारत के सपने और संघर्ष में डॉ0 सोनेलाल पटेल व अन्य महापुरुषों का महत्वपूर्ण योगदान है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने अक्टूबर, 2021 में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ की सौगात प्रदेशवासियों को दी थी, उसमें जनपद प्रतापगढ़ के लिए भी एक मेडिकल कॉलेज शामिल था। जनपद प्रतापगढ़ के राजकीय मेडिकल कॉलेज का नामकरण डॉ0 सोनेलाल पटेल के नाम पर ही किया गया है। इसी प्रकार गोंड जनजाति की आराध्य महारानी दुर्गावती देवी के नाम पर जनपद बांदा के राजकीय मेडिकल कॉलेज का नामकरण किया गया है। सामाजिक न्याय की यही वास्तविकता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आदरणीय गृह मंत्री जी के नेतृत्व में नये भारत में सुरक्षा का बेहतर वातावरण आज सभी को देखने को मिल रहा है। कश्मीर आज लोकतंत्र की मुख्य धारा के साथ जुड़ा है। कश्मीर में एक बार फिर से बाबा बर्फानी की यात्रा श्रावण मास के लिए जिस मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है, यह देश की आंतरिक सुरक्षा की सुदृढ़ स्थिति को बताता है। वर्ष 2014 से पूर्व देश में नक्सलवाद तेजी से फैलते हुए लगभग सवा सौ जनपदों तक फैल चुका था। आज यह सिमटते-सिमटते मात्र 03 से 04 जनपदों तक सीमित रह गया है। वर्ष 2024 से पहले नक्सलवाद की अंतिम ताबूत पर भी कील ठोक कर पूरे भारत को नक्सलवाद, अलगाववाद, उग्रवाद से मुक्त करके वर्ष 2024 में एक बार फिर से प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इसके लिए राष्ट्रीय लोकतांत्रित गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी, अपना दल (एस0), निषाद पार्टी और सभी सहयोगी दलों को मिलकर एक बार फिर से प्रधानमंत्री जी के उस अभियान के साथ जुड़ना होगा, जो आज हम सबको देखने को मिल रहा है। चाहे वह गरीबों के लिए मकान हो, शौचालय हो, राशन की सुविधा हो, आयुष्मान भारत की सुविधा हो या अन्य गरीब कल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का कार्य हो, यही सामाजिक न्याय की वास्तविक लड़ाई व संघर्ष है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में इस संघर्ष को आज वास्तविक धरातल पर पहुंचाकर गरीब के जीवन में व्यापक परिवर्तन लाने का कार्य हो रहा है।
कार्यक्रम को केन्द्रीय वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री व अपना दल (एस0) की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती अनुप्रिया पटेल, केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री रामदास आठवले, प्रदेश के मत्स्य मंत्री एवं निषाद पार्टी के अध्यक्ष श्री संजय निषाद, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने भी सम्बोधित किया।
.............

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने