मुख्यमंत्री ने जनपद कुशीनगर में महात्मा बुद्ध कृषि एवं
प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास तथा 2,134 करोड़ रु0
की 483 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

पी0एम0 कुसुम योजना के तहत किसानों को
सोलर पम्प की स्थापना हेतु चयन पत्र वितरित किये

25 जनपदों के 49 विकास खण्डों में 49 किसान कल्याण केन्द्रों
का शिलान्यास, राज्य स्तरीय विराट किसान मेला का शुभारम्भ किया

कुशीनगर प्रकृति और परमात्मा की असीम कृपा का जनपद, प्रधानमंत्री जी
के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार यहां 750 करोड़ रु0 की लागत से महात्मा
बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय स्थापित करने जा रही: मुख्यमंत्री

अब इस धरती से महात्मा बुद्ध के उपदेश के साथ-साथ कृषि प्रौद्योगिकी
के क्षेत्र में इस जनपद की तकनीक भी देश और दुनिया में जाएगी

पी0एम0 कुसुम योजना के माध्यम से किसान निःशुल्क पानी
 भी ले सकता, इसके माध्यम से जो बिजली बनेगी, उसे ग्रिड
 को बेचकर किसानों की अतिरिक्त आमदनी भी होगी

तमकुहीराज में गन्ना विभाग की भूमि पर सुगरकेन साइन्स
एण्ड टेक्नोलाॅजी महाविद्यालय की स्थापना की जाएगी

विगत 10 वर्षों में भारत ने तकनीक के माध्यम से अपनी तकदीर को बदला

प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आज भारत जिस मार्ग पर चल
रहा, वह विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करता

आपके वोट की बड़ी कीमत होती, एक अच्छी सरकार
समृद्धि लाती और संस्कृति का संवर्धन भी करती

अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण डबल इंजन सरकार ने किया

कुशीनगर में 255 करोड़ रु0 की लागत से मेडिकल कॉलेज का निर्माण
किया जा रहा, 250 करोड़ रु0 की लागत से एयरपोर्ट का निर्माण हो चुका

मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को
प्रमाण पत्र वितरित किए, बच्चों का अन्नप्राशन किया

मुख्यमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में ‘सबका साथ सबका विकास’
के मंत्र के साथ उ0प्र0 सभी क्षेत्रों में उन्नति की ओर
अग्रसर: कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री



लखनऊ: 10 मार्च, 2024

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि कुशीनगर प्रकृति और परमात्मा की असीम कृपा का जनपद है। भगवान श्रीराम जी के पुत्र कुश के द्वारा स्थापित कुशावती, कुशीनगर के रूप में हम सबके सामने हैं। यह भगवान बुद्ध के महापरिनिर्वाण की धरती है। यह पावा नगरी 24वें तीर्थंकर महावीर स्वामी की भी धरती है। यह जनपद अपनी उर्वरता और पर्याप्त जल संसाधन के लिए विख्यात है। तकनीक किसानों की आमदनी को कई गुना बढ़ा सकती है। समय के अनुरूप तकनीक ना मिलने के कारण यहां पलायन की स्थिति थी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार इसी भूमि पर महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय स्थापित करने जा रही है। तमकुहीराज में गन्ना विभाग की भूमि पर सुगरकेन साइन्स एण्ड टेक्नोलाॅजी महाविद्यालय की स्थापना की जाएगी।
मुख्यमंत्री जी ने आज जनपद कुशीनगर में महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के शिलान्यास तथा जनपद के विकास से सम्बन्धित 2,134 करोड़ रुपये की 483 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के बाद इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। मुख्यमंत्री जी ने पी0एम0 कुसुम योजना के तहत प्रदेश के 20,000 किसानों को सोलर पम्प की स्थापना हेतु चयन पत्र वितरण करने के साथ ही, 25 जनपदों के 49 विकास खण्डों में 49 किसान कल्याण केन्द्रों का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में उन्होंने राज्य स्तरीय विराट किसान मेला का शुभारम्भ भी किया।
मुख्यमंत्री जी ने महात्मा बुद्ध के नाम पर कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के शिलान्यास सहित विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के लिए सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली पर्व के पहले होली का उपहार लेकर हम सब आपके पास आए हैं। विगत 10 वर्षों में हमने बदलते भारत को देखा है। एक ऐसा भारत जिसने तकनीक के माध्यम से अपनी तकदीर को बदला है। जिसने दुनिया को अपनी ताकत का एहसास कराया है। आज हमारा भारत किसी के सामने झुकता नहीं और अपने मार्ग से डिगता नहीं। यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के यशस्वी नेतृत्व के कारण सम्भव हुआ है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आज भारत जिस मार्ग पर चल रहा है, वह विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करता है। पडरौना में भगवान बुद्ध के नाम पर कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के माध्यम से हमारे अन्नदाता किसान भी विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दे सकेंगे। यह महात्मा बुद्ध के प्रति हमारा नमन तथा हमारी श्रृद्धा को व्यक्त करने का एक माध्यम है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले कोई यह नहीं सोचता था कि जनपद कुशीनगर में एयरपोर्ट होगा, आज यहां इण्टरनेशनल एयरपोर्ट बन चुका है। शीघ्र ही यहां मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन किया जाएगा। यहां पर कृषि विश्वविद्यालय का निर्माण भी हो रहा है। आज प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 20,000 किसानों को पी0एम0 कुसुम योजना के अंतर्गत सोलर पम्प प्राप्त हो रहा हैं। इससे एक लाख लोग प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे। आपके वोट की बड़ी कीमत होती है। एक अच्छी सरकार जब चुनकर आती है, तो ऐसे ही समृद्धि लाती है और संस्कृति का संवर्धन भी करती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय 750 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा। 255 करोड़ रुपए की लागत से यहां मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। 250 करोड़ रुपए की लागत से एयरपोर्ट का निर्माण हो चुका है। आयुष्मान भारत योजना के तहत यहां 09 लाख 23 हजार लोगों का गोल्डेन कार्ड बन चुके हैं। इसके माध्यम से उन्हें 05 लाख रुपये प्रतिवर्ष स्वास्थ्य बीमा का कवर उपलब्ध होगा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अन्तर्गत यहां 06 लाख 29 हजार किसानों को 06 हजार रुपये सालाना प्राप्त हो रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में 36,590 और शहरी क्षेत्र में 37,575 गरीबों को एक-एक आवास उपलब्ध कराने का कार्य हुआ है। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मुसहर तथा वनटांगिया समुदाय के लिए 7,070 आवास उपलब्ध कराए गए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद में 03 लाख निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। वृद्धावस्था, निराश्रित महिला पेंशन सहित अन्य योजनाओं में लगभग 570 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं। दिव्यांगजन को भी यह सुविधा मिल रही है। 33 हजार 700 बेटियों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से लाभान्वित किया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जनपद कुशीनगर में व्यक्तिगत शौचालय के निर्माण के लिए लगभग 500 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। यह जनपद के विकास एवं लोक कल्याणकारी कार्यों की एक लघु तस्वीर है। जनपद में हाई-वे, 04-लेन कनेक्टिविटी तथा ग्रामीण सड़कों का निर्माण हो रहा है। मेडिकल कॉलेज तथा विश्वविद्यालय बन रहे हैं। यह विकास और लोक कल्याण का अभियान है। प्रधानमंत्री जी ने हर गरीब को अगले 05 वर्ष के लिए निःशुल्क राशन की सुविधा का लाभ दिया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अच्छी सरकार लोगों के लिए संवेदनशील होती है। एक संवेदनशील सरकार गरीब कल्याणकारी और विकास की बड़ी-बड़ी योजनाओं को संचालित करने के साथ ही, युवाओं के लिए आजीविका की व्यवस्था और लोगों की आस्था का सम्मान भी करती है। अयोध्या में भगवान श्री राम के भव्य मंदिर का निर्माण कोई अन्य सरकार नहीं कर सकती थी। यह कार्य डबल इंजन सरकार ने ही किया। इसके लिए हमें प्रधानमंत्री जी का आभार व्यक्त करना चाहिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विकास कार्यों के लिए धनराशि की आवश्यकता होती है। पहले यहां इन्सेफेलाइटिस से बच्चों की मृत्यु होती थी। यहां मुसहर समाज के लोग और गरीब भूखों मरते थे। इसके लिए हमने बड़े-बड़े आंदोलन किये। आज यहां इन्सेफेलाइटिस का उन्मूलन हुआ है। अब कोई गरीब भूख से नहीं मरता। किसी गरीब को बरसात और सर्दी में खुले आसमान के नीचे नहीं रहना पड़ेगा, बल्कि उसको पक्का मकान मिलेगा, यह मोदी की गारण्टी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज हर व्यक्ति को सुरक्षा की गारण्टी मिल रही है। अब कोई किसी जुलूस और शोभायात्रा को रोकने का दुस्साहस नहीं कर सकता। पहले जब पडरौना में डोल यात्रा निकलती थी तो हर बार दंगे होते थे। आज प्रदेश में सुरक्षा का बेहतर वातावरण है। सभी पर्व और त्योहार शांति के साथ मनाए जा रहे हैं। आस्था का सम्मान भी हो रहा है। पांच सदी का इंतजार समाप्त हुआ है। यह आपके वोट की कीमत है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कुशीनगर के लोग परिश्रमी हैं। यह अपने परिश्रम और पुरुषार्थ से दुनिया का पेट भरने के लिए धरती माता से अन्न उत्पन्न करते हैं। उन्हें नई तकनीक से जोड़ने के लिए विश्वविद्यालय आवश्यक था। मेडिकल कॉलेज भी यहां की आवश्यकता थी। देश और दुनिया के लोग यहां आते हैं। उनके लिए एयरपोर्ट भी आवश्यक था। पी0एम0 कुसुम योजना के माध्यम से किसान निःशुल्क पानी भी ले सकता है और इसके माध्यम से जो बिजली बनेगी उसे ग्रिड को बेचकर उनकी अतिरिक्त आमदनी भी होगी। यह आम के आम और गुठलियों के दाम जैसा है। डबल इंजन सरकार ने अन्नदाता किसानों के लिए स्वाॅयल हेल्थ कार्ड, प्रधानमंत्री कृषि बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसानों को उनकी लागत का डेढ़ गुना एम0एस0पी0 देने तथा गन्ना किसानों के वर्षों से बकाया गन्ना मूल्य के भुगतान के कार्य हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कुशीनगर में कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय बनने से अब इस धरती से महात्मा बुद्ध के उपदेश के साथ-साथ कृषि प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में इस जनपद की तकनीक भी देश और दुनिया में जाएगी। कुशीनगर जनपद के माध्यम से देश और दुनिया को इसका लाभ प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री जी ने इस अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों के स्टाॅलों का अवलोकन किया। उन्होंने पी0एम0 कुसुम, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फाॅर्म मशीनरी बैंक, कस्टम हायरिंग केन्द्र, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन भी किया।
कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में ‘सबका साथ सबका विकास’ के मंत्र के साथ उत्तर प्रदेश सभी क्षेत्रों में उन्नति की ओर अग्रसर हो रहा है। प्रदेश आज स्वर्णिम दौर से गुजर रहा है। महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से जनपद कुशीनगर के किसानों को उत्तम बीज, तकनीक के साथ-साथ अन्य सुविधाएं मिलंेगी। समाज के अन्तिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को इसका लाभ मिलेगा।
ज्ञातव्य है कि कृषि विश्वविद्यालय पूर्वी उत्तर प्रदेश में कृषि अनुसंधान एवं तकनीक के उपयोग हेतु महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके निर्माण से विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण कृषि शिक्षा की व्यवस्था होगी तथा कृषि क्षेत्र में विशिष्ट अनुसंधान, नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। किसानों को उच्च गुणवत्ता के बीज एवं उत्तम तकनीक की उपलब्धता के साथ उन्हें प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों में फसल उत्पादन की तकनीक का ज्ञान भी प्राप्त होगा। इस विश्वविद्यालय से पूर्वी उत्तर प्रदेश के 10 जनपदों देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महराजगंज, बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, आजमगढ़, मऊ एवं बलिया के साथ ही, बिहार तथा नेपाल के किसानों को भी लाभ होगा।
इस अवसर पर कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान राज्य मंत्री श्री बलदेव सिंह ओलख, खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री श्री सतीश चन्द्र शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अपर मुख्य सचिव कृषि श्री देवेश चतुर्वेदी एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
--------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने