जौनपुर। भतीजे ने गोलियों से छलनी कर चाचा को मौत के घाट उतारा,महिला घायल

जौनपुर।  बभनियांव गांव में बुधवार की आधी रात 55 वर्षीय अतुल सिंह को सोते समय उसके भतीजे ने ही दोस्त के साथ गोलियों से छलनी कर हत्या कर दी। कारण भूमि संबंधी विवाद बताया जा रहा है। पास में ही सोई रिश्तेदार महिला घायल हो गई। भतीजे को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
जफराबाद के महरूपुर गांव के मूल निवासी अविवाहित अतुल सिंह करीब 20 वर्षों से बभनियांव में अपनी बहन सुमन देवी व जीजा विजय प्रताप सिंह उर्फ मुख्तार सिंह के घर अलग कमरा बनवाकर रह रहे थे। अतुल सिंह कमरे के बाहर तख्त पर जीजा की विधवा बहन पुष्पा सिंह पास में चारपाई पर और कुछ ही दूरी पर विजय प्रताप सिंह सोए थे। अतुल सिंह का अपने सगे भतीजे सूरज सिंह उर्फ प्रशांत सिंह पुत्र सुमंत कुमार सिंह से आए दिन भूमि विवाद होता था। आरोप है कि 1.20 बजे बाेलेरो से पहुंचे सूरज व उसके साथी ने अतुल सिंह को लक्ष्य कर गोलियां चलानी शुरू कर दिया। अतुल सिंह के सिर में एक और पीठ में दो जबकि पुष्पा सिंह के कान के पास गोली लगी। हमलावर जंघई की तरफ भाग गए। सनसनीखेज वारदात से पूरे गांव में दहशत फैल गई। गंभीर रूप से घायल अतुल सिंह व पुष्पा सिंह को सीएचसी मछलीशहर ले जाया गया। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया। वहां अतुल सिंह ने दम तोड़ दिया। पुष्पा सिंह को डाक्टरों ने बीएचयू ट्रामा सेंटर भेज दिया। मुख्तार सिंह उर्फ विजय प्रताप सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि सूरज ने एक सप्ताह पूर्व अतुल सिंह को मार डालने की धमकी दी थी। सीओ मछलीशहर अतर सिंह व थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने मौका मुआयना करने के साथ ही लोगों से पूछताछ के साथ जांच पड़ताल में जुट गए।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने