अन्तर्राष्ट्रीय न्यायाधीश सम्मेलन में प्रतिभाग 

हेतु सी.एम.एस. प्रतिनिधि बेनिन रवाना

लखनऊ, 5 दिसम्बर। सिटी मोन्टेसरी स्कूल के प्रतिनिधि एवं सी.एम.एस. द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किये जाने वाले ‘विश्व के मुख्य न्यायाधीशों के अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन’ के प्रोजेक्ट लीडर प्रो. संदीप श्रीवास्तव बेनिन में आयोजित हो रहे मुख्य न्यायाधीशों व न्यायाधीशों के अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रतिभाग हेतु आज बेनिन रवाना हो गये। बेनिन सुप्रीम कोर्ट के प्रेसीडेन्ट न्यायमूर्ति विक्टर डासी अडोसो ने इस अन्तर्राष्ट्रीय न्यायाधीश सम्मेलन में प्रतिभाग हेतु प्रो. संदीप श्रीवास्तव को विशेष रूप से आमन्त्रित किया है, जिसमें सेन्ट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक आॅफ कांगो, नाइजीरिया, मोरक्को, सेनेगल, टोगो, नाइजर, माॅरिटियाना, माली, मेडागास्कर, कोट डि इवोर एवं बुर्कीना फासो समेत कई अफ्रीकी देशों के मुख्य न्यायाधीश व न्यायाधीश प्रतिभाग कर रहे हैं। यह अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन 8 से 12 दिसम्बर तक बेनिन के कोतोनू शहर में आयोजित हो रहा है। यह जानकारी सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स श्री ऋषि खन्ना ने दी है।

श्री खन्ना ने बताया कि विश्व न्यायिक व्यवस्था को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर एकजुट करने एवं भावी पीढ़ी के सुखमय व सुरक्षित भविष्य में अभूतपूर्व योगदान हेतु सिटी मोन्टेसरी स्कूल को इस अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन में सी.एम.एस. को विशेष रूप से आमन्त्रित किया गया है। सी.एम.एस. विगत 26 वर्षों से अनवरत लखनऊ में ‘विश्व के मुख्य न्यायाधीशों का अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन’ का अत्यन्त सफल आयोजन करता आ रहा है, जिसमें विश्व के दो अरब से अधिक बच्चों के सुरक्षित भविष्य हेतु बेहतर वैश्विक शासन पर गहन चर्चा-परिचर्चा सम्पन्न होती है। सी.एम.एस. प्रतिनिधि प्रो. संदीप श्रीवास्तव इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में ‘भारतीय संविधान के अनुच्छेद 51’ में निहित ‘न्याय आधारित विश्व व्यवस्था’ पर अपने विचार रखेंगे तथापि सी.एम.एस. द्वारा विगत 26 वर्षों से लगातार आयोजित किए जा रहे ‘विश्व के मुख्य न्यायाधीशों के अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन’ के अनुभवों से भी न्यायिक बिरादरी को अवगत करायेंगे।

सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी एवं सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गांधी किंगडन ने बेनिन रवाना होने से पूर्व प्रो. संदीप श्रीवास्तव को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं एवं सम्मेलन की सफलता की कामना की।

 


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने