उपजिलाधिकारी की सरकारी गाड़ी डिवाइडर से टकराई,तीन गंभीर रूप से घायल

हादसे में उपजिलाधिकारी को लगे 20 टांके, नायब तहसीलदार का हाथ फ्रैक्चर— हाईवे पर कुछ देर बाधित रहा यातायात


अयोध्या। शुक्रवार की शाम अयोध्या–रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर नौवां कुआं ओवरब्रिज के पास प्रशासनिक अधिकारियों की सरकारी कार एक गंभीर हादसे का शिकार हो गई। मिल्कीपुर के उपजिलाधिकारी सुधीर कुमार की एसयूवी अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिसमें एसडीएम सहित नायब तहसीलदार और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय वाहन की रफ्तार तेज थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एसयूवी लगभग 20 मीटर तक डिवाइडर से घिसटती चली गई, जिससे वाहन का फ्रंट हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एसडीएम सुधीर कुमार को सिर में गहरी चोटें आई हैं, डॉक्टरों ने उन्हें करीब 20 टांके लगाए हैं। नायब तहसीलदार रंजन वर्मा का हाथ फ्रैक्चर हो गया है, जबकि चालक शिव नारायण यादव को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंचकर घायल अधिकारियों का हालचाल ले रहे हैं। पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय तक जाम की स्थिति बनी रही, जिसे बाद में क्रेन से वाहन हटवाकर नियंत्रित किया गया।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने