4.38 करोड़ रुपये की धनराशि से बाराबंकी स्थित भगहर झील का होगा विकास

ईको पर्यटन स्थल के रूप में विकास के लिए एक करोड़ रुपये की धनराशि जारी


लखनऊ: दिनांक: 18 दिसम्बर, 2023
जनपद बाराबंकी के प्रसिद्ध देवा मंदिर के निकट स्थित भगहर झील को ईको पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए 4.38 करोड़ रुपये स्वीकृत किये गये हैं। प्रारम्भिक चरण में झील के विकास के लिए 01 करोड़ रुपये की धनराशि जारी करा दी गयी है। झील का विकास हो जाने से यहाँ पर पर्यटकों का आना-जाना शुरू होगा और व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे स्थानीय लोगों को आमदनी बढ़गी।
यह जानकारी आज यहाँ प्रदेश के पर्यटन संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि महादेवा मंदिर में न केवल बाराबंकी बल्कि लखनऊ समेत अन्य जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। यहां से कुछ दूरी पर ही 84 हेक्टेयर में फैली भगहर झील है। पर्यटन विभाग अब इस झील को ईको पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। यहां पहले से ही हरियाली है, इसके आसपास पाथवे बनाया जाएगा। इतना ही नहीं झील के भीतर और किनारे पर वॉक-वे बनाया जाएगा। वॉक-वे बनने के बाद यह बेहद आकर्षक हो जाएगा। बच्चों के लिए खेल स्थल बनेगा। इस स्थान पर झूले भी लगाए जाएंगे। पर्यटक आएंगे तो उनके लिए खाने-पीने की भी जरूरत होगी, तो इसको देखते हुए पर्यटन विभाग कैंटीन भी बनाएगा। यहां प्रवासी पक्षी भी खूब आते हैं, इसलिए मिट्टी का टिला भी बनाया जाएगा।
श्री जयवीर सिंह ने बताया कि भगहर झील, महादेवा मंदिर के किनारे है। यहां बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। इसलिए पहले से ही काफी पर्यटक सुविधाएं हैं। झील के किनारे सीढ़ियां बनी हैं, इंटरप्रेटेशन सेंटर, गजिबो, वाच टावर समेत अन्य सुविधाएं हैं। ईको पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने के बाद पर्यटकों की संख्या में काफी बढ़ोतरी होगी। ईको पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने के बाद भगहर झील के भ्रमण करने वालों की संख्या में वृद्धि होगी।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने