8 मई को श्रावस्ती में “संध्या संवाद कार्यक्रम”, आयुक्त करेंगी जनसुनवाई व योजनाओं की समीक्षा


निर्माण कार्यों की जांच और ग्रामीणों से संवाद, संध्या संवाद कार्यक्रम का विस्तृत शेड्यूल जारी


पात्रों को मौके पर मिलेगा योजनाओं का लाभ, 8 मई को ग्राम पंचायत में लगेगा विशेष शिविर


गोण्डा 29 अप्रैल 2026। देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल द्वारा 8 मई 2026 (शुक्रवार) को जनपद श्रावस्ती में “संध्या संवाद कार्यक्रम” आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत दिनभर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समाधान, विकास कार्यों का निरीक्षण तथा योजनाओं का लाभ वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक जनसुनवाई आयोजित होगी, जिसमें आम नागरिकों की शिकायतें सुनकर उनका समाधान किया जायेगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक विभिन्न विभागों के कर्मचारियों एवं पेंशनरों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों की विभागीय एवं पेंशन संबंधी समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा।

इसके बाद दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक नव जनपद में निर्मित एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता की जांच तथा कार्यों की प्रगति का स्थलीय सत्यापन किया जाएगा। वहीं शाम 5 बजे से 7 बजे तक चयनित ग्राम पंचायत में *“संध्या संवाद कार्यक्रम”* आयोजित कर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। आयुक्त ने  संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्माण कार्यों के सत्यापन के दौरान अभिलेखों सहित मौके पर ही उपस्थित रहें।

कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित ग्राम में शिविर लगाकर पात्र व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं से संतृप्त किया जाएगा और उसी दिन लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए जाएंगे। आयुक्त ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में योजनाओं का पारदर्शी तरीके से लाभ वितरण किया जाए।

यह *“संध्या संवाद कार्यक्रम”* शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और प्रशासन एवं जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने