मुख्यमंत्री ने प्रख्यात स्वतंत्रता संग्राम सेनानी तथा प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व0 हेमवती नन्दन बहुगुणा जी की जयन्ती पर उनकी प्रतिमा के सम्मुख चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी
लखनऊ: 25 अप्रैल, 2025
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्रख्यात स्वतंत्रता संग्राम सेनानी तथा प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व0 हेमवती नन्दन बहुगुणा जी की जयन्ती के अवसर पर आज यहां योजना भवन स्थित उनकी प्रतिमा के सम्मुख चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री जी ने इस अवसर पर कहा कि आज उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय हेमवती नन्दन बहुगुणा जी की पावन जयन्ती है। स्व0 बहुगुणा जी का जन्म 25 अप्रैल, 1919 को वर्तमान उत्तराखण्ड राज्य, जो पहले अविभाजित उत्तर प्रदेश का एक भाग था, में हुआ था। स्कूली शिक्षा गांव में ही अर्जित करने के उपरान्त उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए वे प्रयागराज आए। प्रयागराज में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के साथ ही, श्रद्धेय बहुगुणा जी आजादी के आन्दोलन से जुड़ गए थे। भारत छोड़ो आन्दोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के कारण उन्हें ब्रिटिश सरकार की यातनाएं भी झेलनी पड़ी थीं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि श्रद्धेय बहुगुणा जी ने वर्ष 1952 में पहली बार उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य के रूप में सार्वजनिक जीवन में प्रवेश किया था। वह प्रदेश सरकार में मंत्री और मुख्यमंत्री बने। केन्द्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने अनेक मंत्रालयों को अपना नेतृत्व प्रदान किया। अपनी नेतृत्व क्षमता के माध्यम से उन्होंने प्रदेश और देश के विकास में योगदान दिया।
-------------
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know