चौधरी चरण सिंह जयंती पर किसान सम्मान दिवस में उमड़ा जनसैलाब, 36 प्रगतिशील किसान हुए सम्मानित



गोंडा। देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसानों के मसीहा भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर जनपद गोंडा के विकास खंड परसपुर स्थित दीनदयाल शोध संस्थान लाल बहादुर शास्त्री कृषि विज्ञान केंद्र में कृषि विभाग के तत्वावधान में भव्य किसान सम्मान दिवस एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से आए किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह ने दीप प्रज्वलित कर तथा कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में लगी कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन कर किया। सांसद ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित उन्नत कृषि यंत्रों, जैविक उत्पादों एवं आधुनिक तकनीकी मॉडलों की सराहना करते हुए कहा कि यह किसानों को वैज्ञानिक खेती की दिशा में आगे बढ़ाने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। अपने संबोधन में सांसद ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का संपूर्ण जीवन किसानों के अधिकारों और सम्मान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ-साथ प्राकृतिक और कम लागत वाली खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि देश की आर्थिक समृद्धि का मार्ग खेत और खलिहान से होकर ही जाता है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य रेनू ने खेती में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया। वहीं उप कृषि निदेशक ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, बीज अनुदान सहित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सी.एम. त्रिपाठी ने नानाजी देशमुख की स्वावलंबी गांव की परिकल्पना पर प्रकाश डालते हुए किसानों से वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न विकास खंडों से चयनित 36 प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें नवाबगंज के रणवीर सिंह द्वारा गेहूं की उन्नत प्रजाति डीबीडब्ल्यू-187 से प्रति हेक्टेयर 62 क्विंटल उत्पादन तथा कटरा बाजार के राम कुमार द्वारा चने की प्रजाति बीजी-3062 से 23 क्विंटल उत्पादन विशेष रूप से सराहनीय रहा। इस किसान सम्मान दिवस में लगभग 632 किसानों ने सहभागिता की और कृषि वैज्ञानिकों से खेती से जुड़ी समस्याओं, तकनीकों और योजनाओं पर संवाद किया। कार्यक्रम कृषि विभाग के अधिकारियों, वैज्ञानिकों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने