*इतिहासकार प्रोफेसर लाल बहादुर वर्मा के निधन पर बुद्धिजीवियों में शोक*

*बहराइच से ब्यूरो रिपोर्ट:- राम कुमार यादव*

बहराइच। प्रसिद्ध इतिहासकार प्रोफेसर लाल बहादुर वर्मा के निधन पर जनपद के बुद्धिजीवियों व इतिहासविदों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उनके निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए इतिहास विद प्रोफेसर राजेश्वर सिंह ने कहा कि वे यूरोप के इतिहास और फ्रांसीसी क्रांति पर अपने खोजपूर्ण लेखन के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। वे 83 वर्ष की लंबी आयु में भी सक्रिय थे यदि कोरोना संक्रमण से उनका अप्रत्याशित निधन न होता तो वे अभी इतिहास के क्षेत्र में बहुत कुछ कर सकते थे। उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए किसान पी.जी. कॉलेज प्रबंध समिति के सचिव मेजर डॉ.एस.पी. सिंह ने कहा कि प्रोफेसर लाल बहादुर वर्मा का विश्व इतिहास के क्षेत्र में दिया गया योगदान हमेशा इतिहास का अध्ययन करने वालों और विद्यार्थियों का ज्ञानवर्द्धन करता रहेगा। किसान पी.जी. कॉलेज बहराइच के प्राचीन इतिहास विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर सरोज सिंह ने इतिहास के क्षेत्र में उनके द्वारा दिए गए योगदान की विस्तार से चर्चा करते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उन्होंने डेढ़ दर्जन से अधिक पुस्तके लिखी है। वे इतिहास बोध पत्रिका के संपादक भी थे। यूरोप का इतिहास, अधूरी क्रांतियों का इतिहास बोध, इतिहास क्या, क्यों और कैसे, विश्व इतिहास, भारत की जनकथा, मानव मुक्ति कथा, उनकी मौलिक पुस्तकें हैं।  बीसवीं सदी के लोकप्रिय इतिहासकार एरिक हाब्स बाम की इतिहास श्रृंखला एज आफ रिवोल्यूशन का अनुवाद व क्रांतियों का युग, कृष हरमन की विश्व का जन इतिहास, जॉन हॉलोवे की किताब चीख, फ्रेंच भाषा की पुस्तक फासीवाद का अनुवाद इतिहास के क्षेत्र में मील का पत्थर है। किसान पी.जी. कॉलेज के मध्यकालीन इतिहास विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ.सत्यभूषण सिंह ने बताया कि वे मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के निवासी थे और गोरखपुर व लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र रहे तथा 1991 से 98 तक इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मध्यकालीन और आधुनिक भारतीय इतिहास विभाग में अध्यापन किया था।उनका निधन गत सोमवार को देहरादून में हुआ। उनके निधन पर मध्यकालीन के असिस्टेंट प्रोफेसर धर्मवीर सिंह सहित अनेक लोगों ने शोक व्यक्त किया है।


तहसील सदर से चंद्रशेखर अवस्थी की रिपोर्ट।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने