जिला एवं आसपास के इलाकों में निर्मित वस्तुओं को कम समय में देश के प्रमुख बंदरगाहों के जरिये विदेश भेजने की सुविधा शीघ्र ही शुरू होने वाली है। जिले की वस्तुएं अब देश के प्रमुख महानगरों सहित अंतरराष्ट्रीय बाजार के लिए उपलब्ध होंगी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पांच सितंबर को इस मेगा परियोजना की आधारशिला वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये रखेंगे।
लॉजिस्टिक पार्क की स्थापना चुनार रेलवे स्टेशन के पास होगी जिससे यह रेल एवं सड़क मार्ग के जरिए मुंबई, चेन्नई, कोलकाता एवं दिल्ली से जुड़ जाएगा। तब आसानी से यहां से वस्तुएं इन महानगरों के जरिए विदेश तक जाएंगी। चुनार के अलावा भदोही, खमरिया और वाराणसी निर्मित कालीन विश्व में प्रसिद्ध हैं। इसके अलावा मिर्जापुर और आसपास के इलाकों में हैंडीक्रॉफ्ट, रेणुकूट के हिंडालको में निर्मित वस्तुएं, नैनी में प्लास्टिक के सामान एवं प्रयागराज के त्रिवेणी में शीशे के सामान बड़े पैमाने पर तैयार होते हैं। इनके अलावा पूर्वांचल में खाद्य सामग्री, अनाज, सब्जी का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है। लॉजिस्टिक पार्क की स्थापना से इन वस्तुओं के निर्यातकों को एक ही जगह सारी सुविधाएं मिल जाएंगी। निर्यात वाली वस्तुओं को भी कम समय में देश के महानगरों एवं विदेशों में भेजने की सुविधा होगी। लॉजिस्टिक पार्क का विकास 7000 वर्ग मीटर क्षेत्र में होगा। इसमें वेयर हाउसिंग, पैकिंग और छंटाई की सुविधा होगी। पार्क को रेलवे लाइन के जरिए देश के प्रमुख बंदरगाहों से जोड़ा जाएगा। पार्क के जरिए स्थानीय कारोबार भी विकसित किया जाएगा। यह पूर्वांचल का पहला लॉजिस्टिक पार्क होगा। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने