जौनपुर : इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के सभागार में मंगलवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह की अध्यक्षता में शोकसभा हुई। इसमें कल्याण सिंह के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। राज्यसभा सदस्य सीमा द्विवेदी ने कहा कि कल्याण सिंह का व्यक्तित्व विराट था। उन्होंने कुशल प्रशासक के रूप में योगदान देकर प्रदेश व राष्ट्र के विकास में अपनी महती भूमिका निभाई।
उन्होंने संगठन को महत्व दिया और कार्यकर्ता का सम्मान सर्वोपरि रखते थे। भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के सूत्रधार के रूप में उन्हें दिल में बसा लिया गया है। वे अमर रहेंगे। जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने कहा कि भाजपा ने अपना बहुत ही तेजस्वी और हिदुत्ववादी नेता को खो दिया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से लेकर सांसद और राज्यपाल जैसी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया।
विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि कल्याण सिंह अपनी सहजता व सरलता के कारण जनता में लोकप्रिय थे। पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि जन-जन के हृदय में बसने वाले प्रखर राष्ट्रवादी कल्याण सिंह जैसा महान व्यक्तित्व विरले ही मिलता है। पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय ने कहा कि वह प्रदेश ही नहीं भारतीय राजनीति की कद्दावर हस्ती रहे। पूर्व जिलाध्यक्ष ईश्वर देव सिंह, पूर्व विधायक बांकेलाल सोनकर ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन को अपूरणीय क्षति बताया। संचालन जिला महामंत्री सुशील मिश्र ने किया। इस अवसर पर सुधाकर उपाध्याय, पंकज मिश्रा, पीयूष गुप्ता, संतोष सिंह, राकेश वर्मा, रवींद्र सिंह, अवधेश यादव, उमाशंकर सिंह आदि मौजूद थे।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know