बलरामपुर- जनपद में बच्चों के बेहतर पोषण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा को लेकर जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने विकासखंड रेहरा बाजार के ग्राम सरायखास स्थित कम्पोजिट विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र एवं डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी का विशेष फोकस आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे पौष्टिक भोजन की गुणवत्ता, बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं पोषण सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंचाने पर रहा।
*बच्चों के बीच बैठकर डीएम ने किया भोजन, पोषण व्यवस्था का लिया प्रत्यक्ष जायजा*
जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र सरायखास के निरीक्षण के दौरान जोमैटो फीडिंग इंडिया द्वारा बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे पौष्टिक भोजन की गुणवत्ता की अनूठे अंदाज में जांच की। उन्होंने बच्चों के बीच बैठकर उनके साथ भोजन किया तथा भोजन के स्वाद, गुणवत्ता एवं पौष्टिकता का स्वयं अनुभव किया।
निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों को कढ़ी-चावल एवं इडली-सांभर परोसा जा रहा था। जिलाधिकारी ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन करते हुए उनसे आत्मीय संवाद किया और भोजन के संबंध में उनकी प्रतिक्रिया जानी।
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में संतुलित और पौष्टिक आहार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विशेष रूप से प्रारंभिक आयु में बच्चों को पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराना उनके स्वस्थ भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं पौष्टिकता का विशेष ध्यान रखा जाए।
*रेहरा बाजार के 60 आंगनबाड़ी केंद्रों पर जोमैटो फीडिंग इंडिया की पहल से बच्चों को मिल रहा पौष्टिक भोजन*
विकासखंड रेहरा बाजार के 60 आंगनबाड़ी केंद्रों पर जोमैटो फीडिंग इंडिया द्वारा बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े बच्चों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराते हुए उनके स्वास्थ्य एवं समग्र विकास को बढ़ावा देना है।
जिलाधिकारी ने इस पहल के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बच्चों के पोषण से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले प्रत्येक बच्चे को निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप स्वच्छ, ताजा एवं पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि इस पहल का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब इसका लाभ अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंचेगा। इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
*आंगनबाड़ी केंद्र नहीं आ पाने वाले बच्चे भी पोषण से न रहें वंचित—डीएम*
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि किसी कारणवश आंगनबाड़ी केंद्र तक नहीं पहुंच पाने वाले बच्चों को भी पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों के लिए ग्राम में ही एक निश्चित स्थान निर्धारित किया जाए, जहां उन्हें पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा सके। इससे केंद्र तक नहीं पहुंच पाने वाले बच्चे भी पोषण संबंधी सुविधाओं से वंचित नहीं रहेंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बच्चों के पोषण की व्यवस्था केवल आंगनबाड़ी केंद्र तक सीमित न रहे, बल्कि यह सुनिश्चित किया जाए कि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंचे।
*गर्भवती महिलाओं को भी उपलब्ध कराया जाए पौष्टिक भोजन* 
जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं के पोषण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को पर्याप्त एवं संतुलित पोषण मिलना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं के लिए भी पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए। इसके अंतर्गत भोजन को स्वच्छ एवं सुरक्षित तरीके से पैक कर उपलब्ध कराया जाए, ताकि गर्भवती महिलाओं के परिवारजन आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर भोजन प्राप्त कर सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि गर्भवती महिलाओं एवं छोटे बच्चों का बेहतर पोषण स्वस्थ समाज के निर्माण की आधारशिला है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
*नामांकन के सापेक्ष बच्चों की अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश*
आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र पर नामांकित बच्चों एवं उनकी उपस्थिति की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने निर्देश दिए कि नामांकन के सापेक्ष अधिक से अधिक बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अभिभावकों से निरंतर संपर्क करें तथा उन्हें बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा एवं नियमित उपस्थिति के महत्व के प्रति जागरूक करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण के साथ-साथ उनके प्रारंभिक शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इसलिए केंद्रों पर बच्चों के अनुकूल वातावरण एवं बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
*कम्पोजिट विद्यालय सरायखास में डीएम ने परखी शैक्षिक गुणवत्ता, स्मार्ट क्लास के प्रभावी उपयोग के निर्देश*
इससे पूर्व जिलाधिकारी ने कम्पोजिट विद्यालय सरायखास का निरीक्षण कर विद्यालय में पठन-पाठन एवं शैक्षिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया तथा पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षिक गुणवत्ता एवं विषयों की समझ का आकलन किया।
जिलाधिकारी ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा उनकी विषयगत समझ विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध स्मार्ट क्लास का अधिक से अधिक एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल शिक्षण सामग्री के माध्यम से बच्चों के लिए पढ़ाई को अधिक रोचक, सरल एवं प्रभावी बनाया जा सकता है।
*डिजिटल लाइब्रेरी सरायखास में प्रतियोगी छात्रों से किया संवाद, छात्रों ने सुविधाओं को बताया उपयोगी*
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने डिजिटल लाइब्रेरी सरायखास का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लाइब्रेरी में अध्ययनरत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं एवं अध्ययन व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान छात्रों ने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा मिलने से उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में काफी सहूलियत हो रही है तथा बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध हो रहा है।
जिलाधिकारी ने छात्रों को मन लगाकर अध्ययन करने एवं लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर शैक्षिक संसाधनों की उपलब्धता से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी तथा वे अपने भविष्य को नई दिशा दे सकेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों का बेहतर पोषण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं युवाओं को अध्ययन के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। 
इस दौरान खंड विकास अधिकारी रेहरा बाजार, बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) रेहरा बाजार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
                 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने