बलरामपुर - शारदीय नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा व क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत बलरामपुर पुलिस व प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक बलरामपुर मार्तण्ड प्रकाश सिंह एवं अपर जिलाधिकारी शिवनारायण सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ थाना पचपेड़वा क्षेत्र के कस्बा पचपेड़वा में पैदल फ्लैग मार्च किया और माँ दुर्गा प्रतिमा पंडालों का निरीक्षण किया।
*व्यापारियों और आमजन से किया संवाद, दिए दिशा-निर्देश*
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों और आम जनता से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के लिए सुझाव प्राप्त किए। अधिकारियों ने सभी से आगामी त्योहार को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी गई कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पूजा पंडालों में सुरक्षा व अग्निशमन के कड़े इंतजाम के निर्देश
भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न पूजा पंडालों में जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आयोजकों (व्यवस्थापकों) से सीधी बातचीत की। एसपी ने निर्देश दिए कि:
अग्निशमन व्यवस्था: पंडालों में आग की घटनाओं से बचाव के लिए पानी से भरे ड्रम/बाल्टी और बालू का उचित प्रबंध अनिवार्य रूप से किया जाए।
सुरक्षा व्यवस्था: महिलाओं, बच्चों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
*ड्रोन, सीसीटीवी और सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर*
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान भीड़भाड़ वाले और महत्वपूर्ण स्थानों पर सादे कपड़ों में पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। मेले और जुलूसों पर ड्रोन कैमरे व सीसीटीवी के जरिए निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा, साइबर एवं सोशल मीडिया सेल द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक अफवाहें या भड़काऊ टिप्पणियां करने वालों पर निरंतर कड़ी नजर रखी जा रही है।
इन अधिकारियों की रही मौजूदगी
फ्लैग मार्च और निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, उपजिलाधिकारी तुलसीपुर, क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर तथा प्रभारी निरीक्षक पचपेड़वा पुलिसबल के साथ मौजूद रहे।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know