जनपद बलरामपुर- बलरामपुर में पुलिस विभाग में अपनी लंबी और निष्ठावान सेवाएं पूरी करने वाले दो पुलिसकर्मियों को शनिवार (31 अक्टूबर 2026) को गरिमामय माहौल में विदाई दी गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार कक्ष में आयोजित विदाई समारोह के दौरान अधिवर्षिता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह और प्रधान परिचालक निर्मल प्रसाद को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों के दीर्घ सेवाकाल, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की खुलकर सराहना की।
उन्होंने कहा कि इन पुलिसकर्मियों ने अपने संपूर्ण सेवाकाल में पूरी ईमानदारी, साहस और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया है। पुलिस विभाग में उनका यह सराहनीय योगदान हमेशा आने वाली पीढ़ी और अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक महोदय ने दोनों पुलिसकर्मियों को शॉल व उपहार भेंट कर उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखमय और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस विदाई समारोह में प्रतिसार निरीक्षक बिहारी सिंह यादव सहित पुलिस विभाग के कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही, सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारजन भी इस भावनात्मक पल के गवाह बने और सभी ने उनके सफल एवं सुदीर्घ कार्यकाल की सराहना की।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know