मुख्यमंत्री ने जनपद वाराणसी में प्रधानमंत्री जी के प्रस्तावित भ्रमण एवं एयर शो की तैयारियों के दृष्टिगत जनप्रतिनिधिगण तथा अधिकारियों के साथ बैठक की
भारी भीड़ के आगमन को देखते हुए क्राउड मैनेजमेण्ट पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता, इसके लिए सुरक्षा के समुचित प्रबन्ध, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए : मुख्यमंत्री
ट्रैफिक का बेहतर प्रबन्धन के साथ-साथ रूट डायवर्जन का बेहतर प्लान तैयार किया जाए
एयर शो जैसे बड़े आयोजन के दृष्टिगत एन0सी0सी0, एन0एस0एस0, स्काउट गाइड, नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक, युवक मंगल दल एवं अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं को जोड़ा जाए
नमो घाट से लेकर अस्सी घाट तक घाटों की पेण्टिंग करायी जाए
एयरपोर्ट से लेकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर लगे विद्युत खम्भों पर स्पाइरल लाइट लगवाए जाने एवं चौराहों का सुन्दरीकरण आदि कार्य कराए जाएं
लखनऊ : 14 अक्टूबर, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद वाराणसी में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रस्तावित भ्रमण एवं एयर शो की तैयारियों के दृष्टिगत जनप्रतिनिधिगण तथा अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारी भीड़ के आगमन को देखते हुए क्राउड मैनेजमेण्ट पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। इसके लिए सुरक्षा के समुचित प्रबन्ध, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने ट्रैफिक का बेहतर प्रबन्धन के साथ ही, रूट डायवर्जन का बेहतर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था एवं साइनेज लगाया जाना सुनिश्चित किया जाए। समुचित बैरिकेडिंग के साथ ही पर्याप्त लाइफ जैकेट तथा किसी भी आकस्मिकता के दृष्टिगत ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था की जाए। घाटों पर समुचित संख्या में मोबाइल टॉयलेट आदि की उपलब्धता रहे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि नगर में आयोजित होने वाले विभिन्न त्यौहारों एवं कार्यक्रमों के दृष्टिगत पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। एयर शो जैसे बड़े आयोजन के दृष्टिगत एन0सी0सी0, एन0एस0एस0, स्काउट गाइड, नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक, युवक मंगल दल एवं अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं को जोड़ा जाए। उन्होंने सरकारी एवं प्राइवेट अस्पतालों में आकस्मिकता के दृष्टिगत समस्त आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि समस्त पार्किंग स्थलों पर पुलिस, ट्रैफिक पुलिस के साथ ही, नगर निगम कर्मी तैनात किया जाएं। नगर निगम द्वारा घाटों की विशेष सफाई के साथ ही शहर में व्यापक साफ-सफाई करायी जाए। नमो घाट से लेकर अस्सी घाट तक घाटों की पेण्टिंग करायी जाए। एयरपोर्ट से लेकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर लगे विद्युत खम्भों पर स्पाइरल लाइट लगवाए जाने एवं चौराहों का सुन्दरीकरण आदि कार्य कराए जाने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व, बैठक में मुख्यमंत्री जी को जिलाधिकारी तथा पुलिस कमिश्नर द्वारा प्रस्तुतिकरण के माध्यम से जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन की तैयारियों से अवगत कराया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री जी को जानकारी दी। घाटों पर सिल्ट सफाई, 300 मोबाइल टॉयलेट, 400 वॉटर टैंकर की व्यवस्था करते हुए 3,000 सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगायी गई है।
बैठक में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना, स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री रवीन्द्र जायसवाल, आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एम0एस0एम0ई0 राज्यमंत्री श्री हंसराज विश्वकर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
---------

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know