मुख्यमंत्री ने जनपद बरेली में शिक्षक सम्मेलन एवं जनसंवाद कार्यक्रम को सम्बोधित किया

किसी भी समाज, प्रदेश व देश की पहचान उसकी शिक्षा
व्यवस्था से होती, शिक्षक राष्ट्र और युग निर्माता होते : मुख्यमंत्री

शिक्षा का सम्मान करने वाला समाज ही अपने शिक्षकों का सम्मान कर सकता,
भाजपा सरकार में शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में अनेक सुधारात्मक कार्य हुए

समाजवादी पार्टी और शिक्षा नदी के दो छोर, जो कभी
एक नहीं होते सकते, उन्हें शिक्षा एवं शिक्षकों से कोई लेना-देना नहीं

समाजवादी पार्टी की सरकार ने शिक्षकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सम्बन्धी व्यवस्थाओं पर
पर्याप्त ध्यान नहीं दिया, खाली पड़े पदों पर भर्ती करने की जहमत नहीं उठाई, चयन
बोर्डों में परिवार तथा रिश्तेदारों को महत्व देकर चयन प्रक्रिया को प्रदूषित किया

पिछली सरकारों की कार्यशैली व गति कछुए की चाल जैसी,
डबल इंजन सरकार की कार्यप्रणाली बुलेट ट्रेन की गति की तरह

समाजवादी पार्टी का सम्बन्ध शिक्षित एवं सभ्य
समाज से नहीं हो सकता उनके अन्दर संवेदना नहीं

सपा के कार्यकाल में वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया की व्यवस्था थी, भाजपा सरकार ने
वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाया
 
पिछली सरकार ने गरीबों, किसानों और शिक्षकों को अपेक्षित सम्मान नहीं दिया
 
भाजपा सरकार माफिया के खिलाफ अभियान चलाती,
तो समाजवादी पार्टी को सबसे अधिक पीड़ा होती

सपा नेताओं की संवेदना किसानों, श्रमिकों और
गरीबों के बजाय माफिया तथा अपराधियों के प्रति

किसी विद्यार्थी की सफलता में उसके गुरुजन के मार्गदर्शन और परिश्रम का
योगदान, गुरुजन सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माता और युग निर्माता होते

बेसिक और माध्यमिक शिक्षा के विद्यालयों में शिक्षकों की व्यवस्था के लिए भाजपा की
डबल इंजन सरकार ने 1.60 लाख से अधिक शिक्षकों की पारदर्शी भर्ती की,
जहां विद्यालयों के भवन नहीं थे वहां भवन बनाए

प्रदेश सरकार ने नकलविहीन परीक्षाओं पर बल दिया,
जिससे उ0प्र0 की शिक्षा व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा
वर्ष 2017 से पहले पर्व और त्योहारों में बरेली में दंगे
होते थे, अब दंगाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती

बरेली को पहले झुमके के संदर्भ में जाना जाता था,
अब इसकी पहचान पुनः पौराणिक नाथ नगरी के रूप में हो गयी

बेसिक, माध्यमिक, उच्च शिक्षा और सेल्फ फाइनेन्स संस्थानों के शिक्षकों को कैशलेस
चिकित्सा सुविधा के दायरे में शामिल किया गया, आने वाले समय में सी0बी0एस0ई0
के शिक्षकों को भी इस सुविधा के दायरे में लाने की दिशा में काम किया जाएगा

माध्यमिक शिक्षा के शिक्षकों के लिए सुरक्षा बीमा कवर 80 लाख रु0 से
लेकर डेढ़ करोड़ रु0 तक, इस प्रकार की सुविधा पहले शिक्षकों को नहीं मिली थी

माफिया के खिलाफ कार्रवाई से अपराधियों का प्रभाव
कम हुआ, प्रदेश कर्फ्यू तथा दंगों के दौर से बाहर निकला


लखनऊ : 13 अक्टूबर, 2026 :ः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग शिक्षा के विरोधी रहे हैं, वे शिक्षकों के हितैषी कैसे हो सकते हैं। शिक्षा का सम्मान करने वाला व्यक्ति ही शिक्षकों का सम्मान कर सकता है। समाजवादी पार्टी और शिक्षा ये नदी के दो छोर हैं, जो कभी एक नहीं होते हैं। उन्हें शिक्षा एवं शिक्षकों से कोई लेना-देना नहीं हैं। समाजवादी पार्टी की सरकार में शिक्षकों के लिए सुरक्षा और स्वास्थ्य सम्बन्धी व्यवस्थाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। खाली पड़े पदों पर भर्ती करने की जहमत नहीं उठाई। चयन बोर्डों में परिवार तथा रिश्तेदारों को महत्व देकर चयन प्रक्रिया को प्रदूषित करने का काम किया।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद बरेली में बरेली-मुरादाबाद खण्ड शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ0 हरि सिंह ढिल्लों के समर्थन में आयोजित शिक्षक सम्मेलन एवं जनसंवाद कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री जी शिक्षक मतदाताओं से आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान में डॉ0 ढिल्लों को विजयी बनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि किसी भी समाज, प्रदेश व देश की पहचान उसकी शिक्षा व्यवस्था से होती है। शिक्षक राष्ट्र और युग निर्माता होते हैं। शिक्षा का सम्मान करने वाला समाज ही अपने शिक्षकों का सम्मान कर सकता है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में अनेक सुधारात्मक कार्य हुए है। शिक्षकों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाने के लिए भाजपा के प्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। पिछली सरकारों की कार्यशैली व गति कछुए की चाल जैसी थी, जबकि अब डबल इंजन सरकार की कार्यप्रणाली बुलेट ट्रेन की गति की तरह है। सरकार के फैसलों और कामकाज में तेजी आई है।
मुख्यमंत्री जी ने नाथ नगरी के रूप में विख्यात बरेली की धरती को नमन करते हुए बाबा अलखनाथ, बाबा मणिनाथ, बाबा तपेश्वरनाथ, बाबा त्रिवटीनाथ, बाबा वनखण्डीनाथ, बाबा धोपेश्वरनाथ और बाबा पशुपतिनाथ का स्मरण किया तथा नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मां चन्द्रघण्टा के स्वरूप का उल्लेख करते हुए कहा कि मां भगवती का यह स्वरूप आसुरी शक्तियों के मन में भय उत्पन्न करता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश कभी अपनी उत्कृष्ट शिक्षा व्यवस्था के कारण देश में अग्रणी स्थान रखता था और प्रदेश की शिक्षा का सम्मान था। आजादी के बाद सरकारों के एजेण्डे से शिक्षा दूर होती गई, जिसके परिणामस्वरूप शिक्षा क्षेत्र की उपेक्षा हुई। इसका असर अर्थव्यवस्था, प्रदेश की व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर भी पड़ा। वर्ष 2017 तक प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की स्थिति ऐसी हो गई थी कि उत्तर प्रदेश के सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया और शिक्षा व्यवस्था लगभग चौपट हो चुकी थी। इस सन्दर्भ में उन्होंने उन शिक्षकों की सराहना की, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा की ज्योति को बुझने नहीं दिया और विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने का काम जारी रखा। वर्ष 2017 में भाजपा सरकार बनने के समय बेसिक और माध्यमिक शिक्षा में 1.60 लाख से अधिक शिक्षकों के पद खाली पड़े थे। विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षा संस्थानों की स्थिति भी अच्छी नहीं थी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि किसी विद्यार्थी की सफलता में सबसे पहले उसके गुरुजनों के मार्गदर्शन और परिश्रम का योगदान माना जाता है। हमारे गुरुजन सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माता और युग निर्माता होते हैं। जिस समाज में योग्य गुरु, शिक्षक और आचार्य होते हैं, वहां श्रीराम, श्रीकृष्ण और चन्द्रगुप्त मौर्य जैसे व्यक्तित्वों के निर्माण में देर नहीं लगती। प्रभु श्रीराम ने रामराज्य की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया, श्रीकृष्ण ने धर्म की स्थापना का मार्ग दिखाया और चन्द्रगुप्त मौर्य के समय भारत ने विश्व में अपनी शक्ति और प्रतिष्ठा स्थापित की। इसके पीछे गुरुकुलों के संस्कार और गुरुजनों के मार्गदर्शन था। उन्होंने महर्षि वशिष्ठ, महर्षि संदीपन और आचार्य चाणक्य का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्कृष्ट गुरु परम्परा वाला समाज पिछड़ नहीं सकता और दुनिया का नेतृत्व करने की सामर्थ्य रखता है।
मुख्यमंत्री जी ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ0 ए0पी0जे0 अब्दुल कलाम और भारत के द्वितीय राष्ट्रपति डॉ0 सर्वपल्ली राधाकृष्णन का उल्लेख करते हुए कहा कि बड़े पदों पर पहुंचने के बाद भी शिक्षक की भूमिका और पहचान का सम्मान किया जाना चाहिए। डॉ0 ए0पी0जे0 अब्दुल कलाम राष्ट्रपति बनने के बाद भी स्वयं को शिक्षक के रूप में प्रस्तुत करते थे। वहीं, डॉ0 सर्वपल्ली राधाकृष्णन अपने नाम के साथ शिक्षक की पहचान को महत्व देते थे। जब डॉ0 सर्वपल्ली राधाकृष्णन से उनके जन्मदिन को उनके नाम से मनाने का प्रस्ताव आया तो उन्होंने अपने नाम के बजाय शिक्षक दिवस के रूप में आयोजन करने की बात कही।
भारतीय ज्ञान परम्परा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि श्रुति परम्परा से लिपि की परम्परा की ओर बढ़ने में कृष्ण द्वैपायन व्यास जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। व्यास जी की जयन्ती को गुरु पूर्णिमा के रूप में मनाया जाता है। भारतीय समाज हजारों वर्षों से अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा और सम्मान रखता आया है। महर्षि वशिष्ठ, गुरु संदीपन और आचार्य चाणक्य के प्रति भारतीय समाज में आज भी श्रद्धा का भाव है। इसका कारण उनका योगदान है, जिसने समाज और राष्ट्र को दिशा दी।
मुख्यमंत्री जी ने शिक्षकों से कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं होतीं, बल्कि उनके मार्गदर्शन करने वाले शिक्षकों का सम्मान भी बढ़ाती हैं। जब कोई युवा आत्मविश्वास के साथ नौकरी और रोजगार की दिशा में आगे बढ़ता है, तो उसके गुरुजनों का गौरव भी बढ़ता है। वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के आह्वान पर प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार बनी। इसके बाद सरकार ने बेसिक और माध्यमिक शिक्षा में खाली पड़े 1.60 लाख से अधिक शिक्षकों के पदों पर भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की। इन भर्तियों के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को बिना भेदभाव सरकारी नौकरी मिली। शिक्षकों की भर्ती और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता आवश्यक है, क्योंकि इसका सीधा सम्बन्ध विद्यार्थियों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता से होता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि किसी विद्यार्थी को उसकी योग्यता और परिश्रम के आधार पर सफलता मिलनी चाहिए। मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी के पीछे उसके गुरुजनों का मार्गदर्शन और स्वयं विद्यार्थी का परिश्रम महत्वपूर्ण होता है। पहले उत्तर प्रदेश की पहचान को लेकर लोगों में संकोच की स्थिति थी, लेकिन अब परिस्थितियां बदल गयी हैं। प्रदेश की ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग उत्तर प्रदेश के भीतर होने लगा है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था और पहचान में बदलाव आया है। उत्तर प्रदेश, जो पहले बीमारू राज्यों में गिना जाता था, आज देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। प्रदेश पहले अर्थव्यवस्था के मामले में बॉटम फाइव में गिना जाता था, जबकि अब देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में गिनती होती है। विगत 9.5 वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय तीन गुना बढ़ी है। उत्तर प्रदेश अब रेवेन्यू सरप्लस स्टेट बन चुका है।
मुख्यमंत्री जी ने बेसिक शिक्षा परिषद और माध्यमिक शिक्षा के विद्यालयों की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां शिक्षकों की कमी थी, वहां शिक्षकों की व्यवस्था की गई और जहां भवन नहीं थे, वहां भवन बनाए गए। ऑपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार के अन्तर्गत विद्यालयों में बेहतर भवन, लाइब्रेरी, प्रयोगशालाएं, डिजिटल लाइब्रेरी, कम्प्यूटर लैब और स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को इमर्जिंग टेक्नोलॉजी का लाभ मिलेगा। इससे विद्यार्थी आधुनिक तकनीक को समझ सकेंगे और स्वयं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि टेक्नोलॉजी ने गांव और शहर के बीच की दूरी को कम किया है। स्पेस टेक्नोलॉजी के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अवसर केवल शहरों के विद्यार्थियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। गांव के किसी दूरस्थ इंटर कॉलेज में पढ़ने वाला विद्यार्थी भी आधुनिक तकनीक के बारे में जान सकेगा। शिक्षा व्यवस्था में सुधार का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को परीक्षा पास कराना नहीं, बल्कि उन्हें ज्ञान, तकनीक, नवाचार और शोध की दिशा में आगे बढ़ाना भी है।
मुख्यमंत्री जी ने माध्यमिक शिक्षा की परीक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि हाईस्कूल और इण्टरमीडिएट की परीक्षाओं की तिथियां घोषित हो चुकी हैं। 5 फरवरी से 24 फरवरी, 2027 के बीच परीक्षा सम्पन्न होगी। मुख्य परीक्षा 14 दिन में पूरी होगी तथा इसके बाद अगले 14 दिन में परिणाम घोषित किया जाएगा। पहले परीक्षा और परिणाम की प्रक्रिया में लगभग छह महीने लग जाते थे। उस समय तीन महीने परीक्षा कराने और तीन महीने परिणाम घोषित करने में लगते थे। सरकार ने शुरुआत से ही नकलविहीन परीक्षाओं पर जोर दिया, जिससे उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा।
मुख्यमंत्री जी ने बरेली में पहले त्योहारों के दौरान दंगों की घटनाओं का उल्लेख करते हुए पिछली सरकारों की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले जब भी पर्व और त्योहार आते थे, बरेली में दंगे होने की घटनाएं सामने आती थीं। लेकिन अब दंगाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है और दंगा करने वालों को अपनी संपत्ति गंवाने तक की कीमत चुकानी पड़ सकती है। उत्तर प्रदेश की पहचान अब उपद्रव से नहीं, बल्कि उत्सव से है। बरेली को पहले झुमके के संदर्भ में जाना जाता था, लेकिन अब इसकी पहचान पुनः पौराणिक नाथ नगरी के रूप में हो गयी है।
मुख्यमंत्री जी ने माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती गुलाब देवी के क्षेत्र सम्भल का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले वहां जाने से लोग डरते थे, लेकिन अब वहां चहल-पहल बढ़ी है। सम्भल के 68 तीर्थ और 19 कूप फिर से पुनर्जीवित किए गए हैं। उन्होंने परिक्रमा मार्ग और भव्य कॉरिडोर के निर्माण का भी उल्लेख किया। प्रदेश में भय और दहशत का माहौल पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि अपराधियों में कानून का भय बढ़ा है। बेहतर कानून-व्यवस्था का असर शिक्षा, निवेश, रोजगार और इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास पर पड़ता है। सुरक्षित माहौल में उद्योग और निवेश को बढ़ावा मिलता है तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर विकसित होते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जब डॉ0 हरि सिंह ढिल्लों और अन्य लोगों ने शिक्षकों के लिए कैशलेस सुविधा की मांग रखी, तो सरकार ने इसे अपनी जिम्मेदारी माना। शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की है। शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाए। बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के शिक्षकों के साथ सेल्फ फाइनेन्स संस्थानों के शिक्षकों को भी इस सुविधा के दायरे में शामिल किया गया है। आने वाले समय में सी0बी0एस0ई0 से जुड़े शिक्षकों को भी इस सुविधा के दायरे में लाने की दिशा में काम किया जाएगा। यह सुविधा शिक्षा मित्रों और अनुदेशकों को भी दी गई है तथा उनके मानदेय में वृद्धि की गयी है। रसोइयों को भी सामाजिक सुरक्षा की गारण्टी दी गई है। रसोइयों को दो लाख रुपये तक की सामाजिक सुरक्षा और पांच लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया गया है।
माध्यमिक शिक्षा के शिक्षकों के लिए सुरक्षा बीमा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह कवर 80 लाख रुपये से लेकर डेढ़ करोड़ रुपये तक है। इस प्रकार की सुविधा पहले शिक्षकों को नहीं मिली थी और उत्तर प्रदेश सरकार ने इसे उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश की आर्थिक स्थिति कमजोर होती, तो सरकार इतनी बड़ी सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा पाती। प्रदेश की अर्थव्यवस्था में सुधार के कारण विभिन्न वर्गों को सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की क्षमता बढ़ी है।
मुख्यमंत्री जी ने राज्य शिक्षक पुरस्कार का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले केवल तीन शिक्षकों को सम्मानित किया जाता था। 25 करोड़ की आबादी वाले प्रदेश में केवल तीन शिक्षकों को सम्मानित करना पर्याप्त नहीं है। सरकार ने राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए सम्मानित होने वाले शिक्षकों की संख्या बढ़ाई, ताकि अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिक शिक्षकों को सम्मान मिल सके। शिक्षकों के अच्छे कार्यों को पहचानना और उन्हें सम्मानित करना आवश्यक है। इससे शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों का उत्साह बढ़ता है और समाज में शिक्षक की प्रतिष्ठा मजबूत होती है। किसी विद्यार्थी की सफलता में शिक्षक की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। यदि विद्यार्थी को सही मार्गदर्शन नहीं मिलता, तो उसकी प्रतिभा का पूरा उपयोग नहीं हो पाता। इसलिए शिक्षकों के सम्मान को शिक्षा व्यवस्था के सुधार से अलग करके नहीं देखा जा सकता।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विगत 9.5 वर्षों में प्रदेश सरकार ने 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। युवाओं ने अपने परिश्रम और योग्यता के आधार पर नौकरी प्राप्त की, जिसका असर प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर पड़ा। सरकारी नौकरियों और रोजगार के अवसरों में वृद्धि से लोगों की आय बढ़ती है और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलती है। उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय तीन गुना बढ़ी है। उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं है, बल्कि रेवेन्यू सरप्लस स्टेट है। प्रदेश की आर्थिक स्थिति में आए बदलाव के कारण सरकार शिक्षकों, कर्मचारियों और अन्य वर्गों के लिए सुविधाओं का विस्तार कर पा रही है। शिक्षा व्यवस्था में सुधार, रोजगार के अवसर और आर्थिक विकास एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। बेहतर शिक्षा से योग्य युवा तैयार होते हैं और योग्य युवाओं की भागीदारी से अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।
उच्च शिक्षा के विस्तार पर बात करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि शाहजहांपुर में स्वामी शुकदेवानन्द जी के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है। उन्होंने बरेली में रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय का उल्लेख किया और कहा कि मुरादाबाद में गुरु जम्भेश्वर के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना का कार्य पूरा हो चुका है। सरकार ने प्रत्येक मण्डल में विश्वविद्यालय स्थापित करने की दिशा में काम किया है और अब जिलों में विश्वविद्यालयों के विस्तार पर ध्यान दिया जा रहा है। शाहजहांपुर के अलावा भदोही और कुशीनगर में नए विश्वविद्यालय स्थापित किए गए है। उच्च शिक्षा संस्थानों का विस्तार विद्यार्थियों को अपने जिले और आसपास के क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के अवसर उपलब्ध कराता है। शिक्षा को केवल डिग्री, डिप्लोमा या सर्टिफिकेट प्राप्त करने का माध्यम नहीं माना जाना चाहिए। शिक्षा को इनोवेशन, रिसर्च एण्ड डेवलपमेण्ट से जोड़ना जरूरी है, ताकि विद्यार्थी नए विचारों, तकनीकों और अनुसंधान के माध्यम से समाज तथा देश के विकास में योगदान दे सकें।
मुख्यमंत्री जी ने विश्वविद्यालयों और शिक्षा के विस्तार की चर्चा करते हुए कहा कि सपा के कार्यकाल में वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया की व्यवस्था थी, जबकि भाजपा सरकार ने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाया। सरकार ने वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज की दिशा में काम किया है और अब वन डिस्ट्रिक्ट वन यूनिवर्सिटी की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने शाहजहांपुर के स्वतंत्रता सेनानियों पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह और शहीद अशफाक उल्ला खान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन तीनों क्रान्तिकारियों ने काकोरी ट्रेन एक्शन के माध्यम से स्वतंत्रता आन्दोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया और देश की आजादी के लिए अपना बलिदान दिया। पं0 राम प्रसाद बिस्मिल को गोरखपुर जेल में फांसी दी गयी। गोरखपुर में बलिदान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने समाजवादी पार्टी की सरकार के समय के एक प्रसंग की चर्चा करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश सरकार के तत्कालीन माध्यमिक शिक्षा मंत्री को गोरखपुर में पं0 राम प्रसाद बिस्मिल के बलिदान दिवस के कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने पंडित राम प्रसाद बिस्मिल को उस्ताद बिस्मिल्लाह खान समझ लिया और उनके योगदान का गलत उल्लेख किया। जब कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति ने इस गलती की ओर ध्यान दिलाया, तो मंत्री ने उसे भाजपा समर्थक बताते हुए बाहर करने की बात कही।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि स्वतंत्रता आन्दोलन के प्रमुख क्रान्तिकारी और देश की सांस्कृतिक पहचान से जुड़े व्यक्तित्वों के बारे में जानकारी रखना शिक्षा से जुड़े पद पर बैठे व्यक्ति के लिए आवश्यक है। इसके विपरीत वर्तमान माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती गुलाब देवी जी स्वयं शिक्षिका है। वह प्रिंसिपल भी रह चुकी हैं तथा शिक्षा जगत से जुड़ी रही हैं। शिक्षा के क्षेत्र में काम करने और उसकी समस्याओं को समझने वाले व्यक्ति ही शिक्षा से संबंधित विषयों पर प्रभावी ढंग से चर्चा कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि समाजवादी पार्टी का सम्बन्ध किसी गुण्डे, माफिया, शोहदे तथा छिनैती करने वालों से होगा। उनका सम्बन्ध शिक्षित एवं सभ्य समाज से नहीं हो सकता। उनके अन्दर संवेदना नहीं है। पिछली सरकार के दौरान गरीबों, किसानों और शिक्षकों को अपेक्षित सम्मान नहीं दिया गया। मुख्यमंत्री आवास पर गरीबों, किसानों और शिक्षकों को बुलाने के बजाय गैंगस्टर, दंगाई, आतताई और फिरौती वसूलने वाले लोगों को महत्व दिया जाता था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भाजपा सरकार माफिया के खिलाफ अभियान चलाती है, तो समाजवादी पार्टी को सबसे अधिक पीड़ा होती है। सपा नेताओं की संवेदना किसानों, श्रमिकों और गरीबों के बजाय माफिया तथा अपराधियों के प्रति दिखाई देती है। जब कोई माफिया मरता है, तो उसके प्रति संवेदना व्यक्त करने वाले लोग दिखाई देते हैं, लेकिन गरीबों, किसानों और श्रमिकों के मुद्दों पर वैसी संवेदनशीलता नहीं दिखाई देती। उत्तर प्रदेश में माफिया के खिलाफ कार्रवाई से अपराधियों का प्रभाव कम हुआ है और प्रदेश कर्फ्यू तथा दंगों के दौर से बाहर निकला है। अब प्रदेश में नो कर्फ्यू, नो दंगा, अब यूपी में है सब चंगा। उन्होंने इस नारे के माध्यम से प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार का दावा किया और कहा कि बेहतर माहौल में शिक्षा, निवेश, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को गति मिलती है।
मुख्यमंत्री जी ने डॉ0 हरि सिंह ढिल्लों के नाम पर चर्चा करते हुए कहा, नाम है हरि सिंह ढिल्लों, जब चाहें मिल लो। उन्होंने ‘सरदार’ शब्द का उल्लेख करते हुए कहा कि सरदार के आगे ‘अ’ जोड़ देने से असरदार हो जाता है। उन्होंने डॉ0 ढिल्लों को सरदार और असरदार बताते हुए उनके समर्थन में अपील की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के विभिन्न शिक्षक और स्नातक विधान परिषद क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों की जीत एक नया संदेश देगी।
--------- 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने