मुख्यमंत्री ने विधान परिषद के वाराणसी शिक्षक एवं वाराणसी स्नातक
निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों
के समर्थन में आयोजित शिक्षक स्नातक सम्मेलन को सम्बोधित किया

विधान परिषद में ऐसे प्रतिनिधियों की आवश्यकता, जो शिक्षकों और स्नातकों की
समस्याओं को समझते हों और सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर सकें : मुख्यमंत्री

शिक्षकों की समस्याओं का समाधान, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध
कराना और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना सरकार की प्राथमिकता

भारतीय परम्परा में गुरु का स्थान सर्वोच्च, गुरु का
मार्गदर्शन ही व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला

समाजवादी पार्टी की परिवारवादी राजनीति, कांग्रेस की विभाजनकारी सोच और विपक्ष
की अवसरवादी कार्यशैली ने उ0प्र0 के विकास को लम्बे समय तक प्रभावित किया

समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार में भर्ती आयोगों और बोर्डों की कार्यप्रणाली पर गम्भीर सवाल उठे, राजनीतिक संरक्षण और परिवारवाद के कारण योग्य युवाओं के अवसर प्रभावित हुए
राज्य सभा चुनाव में भाजपा ने विभिन्न समाजों को प्रतिनिधित्व देने का कार्य किया,
जबकि समाजवादी पार्टी के पी0डी0ए0 के दावे प्रत्याशी चयन में दिखाई नहीं दिए

भाजपा सरकार में युवाओं को राजनीतिक सिफारिश और परिवार
के प्रभाव के बजाय योग्यता के आधार पर अवसर दिया जा रहा

भाजपा सरकार ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करके प्रदेश की छवि बदली, सपा सरकार के समय अपराधियों और माफिया के प्रभाव ने आम नागरिकों के मन में असुरक्षा की भावना पैदा की

सरकारी और अनुदानित संस्थानों के साथ स्ववित्तपोषित संस्थानों के शिक्षकों तथा उनके परिवारों को प्रतिवर्ष 05 लाख रु0 तक की स्वास्थ्य बीमा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था

स्ववित्तपोषित विद्यालयों के शिक्षकों के लिए लगभग 40 लाख
रु0 से लेकर डेढ़ करोड़ रु0 तक का सुरक्षा बीमा कवर

उ0प्र0 पुलिस भर्ती प्रक्रिया के अन्तर्गत लगभग 32 हजार युवाओं के चयन का परिणाम
घोषित किया गया, शीघ्र ही चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे

प्रदेश में शिक्षक भर्ती सहित उ0प्र0 लोक सेवा आयोग की विभिन्न भर्तियां चल रहीं

काशी विश्वनाथ धाम, श्रीरामजन्मभूमि, प्रयागराज महाकुम्भ तथा मथुरा-वृन्दावन
की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत उ0प्र0 की नई पहचान के प्रमुख केन्द्र बने

धार्मिक पर्यटन के विस्तार से स्थानीय व्यापार, परिवहन,
आतिथ्य उद्योग और अन्य आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिला

बेहतर कानून-व्यवस्था, सड़क, परिवहन, धार्मिक पर्यटन, औद्योगिक गतिविधियों और
निवेश के अवसरों ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने में योगदान दिया

आज प्रदेश में 24 हजार से अधिक स्टार्ट-अप
कार्य कर रहे, बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिला

विपक्ष ने लम्बे समय तक युवाओं को राजनीतिक नारों तक सीमित रखा, जबकि
वर्तमान सरकार कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, स्टार्ट-अप और स्वरोजगार के
माध्यम से उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाने का प्रयास कर रही

डिजिटल क्रान्ति और डी0बी0टी0 के माध्यम से प्रदेश में विकास की गति
तेज हुई, सरकार ने लगभग 62 लाख युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन
उपलब्ध कराए, 02 करोड़ युवाओं तक टैबलेट की सुविधा पहुंचाने का लक्ष्य

प्रदेश में उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाने के लिए अनेक नए विश्वविद्यालयों की स्थापना की गई

भाजपा सरकार बनने के बाद लगभग 14 लाख कार्मिकों के खाते खुलवाये गये,
कार्मिकों के लिए 10 हजार करोड़ रु0 की व्यवस्था की गई, नई पेंशन योजना
के अन्तर्गत अपने अंशदान को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किया गया



लखनऊ : 14 अक्टूबर, 2026 :ः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि विधान परिषद में ऐसे प्रतिनिधियों की आवश्यकता है, जो शिक्षकों और स्नातकों की समस्याओं को समझते हों और सरकार के समक्ष उन्हें प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर सकें। भाजपा सरकार ने शिक्षक और स्नातक समाज की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य किया है और आगे भी इस दिशा में प्रयास जारी रहेंगे। डॉ0 प्रमोद मिश्र और श्री केदारनाथ सिंह की जीत से शिक्षक एवं स्नातक समाज की आवाज विधान परिषद में और अधिक मजबूती से उठेगी। मतदाता समाज को बांटने वाली राजनीति से दूर रहें और एकजुट होकर भाजपा के दोनों प्रत्याशियों को विजयी बनाएं।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद वाराणसी में विधान परिषद के वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र एवं वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित शिक्षक स्नातक सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने शिक्षक विधान परिषद क्षेत्र से डॉ0 प्रमोद मिश्र तथा स्नातक विधान परिषद क्षेत्र से श्री केदारनाथ सिंह को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि शिक्षक और स्नातक समाज के सजग प्रहरी हैं। शिक्षक केवल विद्यार्थियों का भविष्य नहीं बनाते, बल्कि समाज, राष्ट्र और युग के निर्माता होते हैं। इसलिए शिक्षकों की समस्याओं का समाधान, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए विधान परिषद में ऐसे प्रतिनिधियों का पहुंचना आवश्यक है, जो शिक्षकों और स्नातकों की समस्याओं को समझते हों और उनके समाधान के लिए प्रभावी ढंग से आवाज उठा सकें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हाल ही में सम्पन्न राज्यसभा चुनाव में प्रदेश की 10 राज्य सभा सीटों में से भाजपा ने 08 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि समाजवादी पार्टी के खाते में 02 सीटें आयीं। भाजपा ने विभिन्न समाजों को प्रतिनिधित्व देने का कार्य किया, जबकि समाजवादी पार्टी के पी0डी0ए0 के दावे उसके प्रत्याशी चयन में दिखाई नहीं दिए। समाजवादी पार्टी का पी0डी0ए0 वास्तव में ‘परिवार डेवलपमेण्ट अथॉरिटी’ और ‘पराया धन अपना’ की राजनीति तक सीमित है। समाजवादी पार्टी पिछड़ों, दलितों और वंचितों के अधिकारों की बात करती है, लेकिन जब प्रतिनिधित्व देने का अवसर आता है, तब परिवारवाद को प्राथमिकता दी जाती है। यदि पार्टी वास्तव में अपने घोषित सामाजिक न्याय के एजेण्डे के प्रति गम्भीर होती, तो वह विभिन्न वर्गों के योग्य लोगों को अवसर देती।
समाजवादी पार्टी को बताना चाहिए कि जिन वर्गों के नाम पर वह राजनीति करती है, उन्हें वास्तविक अवसर देने के समय उसकी प्राथमिकताएं क्यों बदल जाती हैं। पार्टी की राजनीति परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है और सामाजिक न्याय के नारे राजनीतिक लाभ लेने का माध्यम बन जाते हैं। भाजपा की राजनीति का आधार समाज के विभिन्न वर्गों को अवसर देना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। जनता को विपक्ष के नारों से भ्रमित होने के बजाय उसके कार्यों और निर्णयों का मूल्यांकन करना चाहिए।
समाजवादी पार्टी की परिवारवादी राजनीति, कांग्रेस की विभाजनकारी सोच और विपक्ष की अवसरवादी कार्यशैली ने उत्तर प्रदेश के विकास को लम्बे समय तक प्रभावित किया। पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान प्रदेश में अराजकता, दंगे, माफिया का प्रभाव, भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं और युवाओं के साथ अन्याय की स्थिति बनी रही। इसके विपरीत, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था स्थापित करने, शिक्षा का विस्तार करने और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया है।
किसी समाज और राष्ट्र के भविष्य का आकलन वहां के युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और दिशा से किया जा सकता है। समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार में युवाओं को रोजगार और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के लिए संघर्ष करना पड़ा। उस समय भर्ती आयोगों और बोर्डों की कार्यप्रणाली पर गम्भीर सवाल उठे तथा राजनीतिक संरक्षण और परिवारवाद के कारण योग्य युवाओं के अवसर प्रभावित हुए। सपा के दौर में सत्ता और भर्ती व्यवस्था पर प्रभाव रखने वाले लोगों की प्राथमिकता योग्य युवाओं को अवसर देना नहीं, बल्कि अपने प्रभाव क्षेत्र को मजबूत करना थी। भर्ती प्रक्रियाओं में वसूली और पक्षपात की शिकायतें सामने आती थीं तथा प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ होता था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष की नियुक्ति और चयन प्रक्रियाओं को लेकर भी सवाल उठे थे। उस समय योग्यता और निष्पक्षता के बजाय राजनीतिक समीकरणों को महत्व दिया गया। किसी भी भर्ती व्यवस्था में प्रतिभा और योग्यता सर्वोपरि होनी चाहिए, क्योंकि सरकारी नियुक्तियां युवाओं के भविष्य और प्रदेश की प्रशासनिक क्षमता से जुड़ी होती हैं।
वर्तमान सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और ईमानदारी को प्राथमिकता दी है। युवाओं को यह भरोसा है कि मेहनत और योग्यता के आधार पर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिल सकता है। सरकार भर्ती प्रक्रिया को लगातार आगे बढ़ा रही है और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार ने विगत 09 वर्षों में साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी विभागों हेतु नियुक्ति पत्र वितरित किए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण को लेकर सवाल उठाए जाने पर उन्होंने छह महीने के अन्दर एक लाख अन्य युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की बात कही थी। सरकार ने इस दिशा में लगातार कार्य किया है और नियुक्ति पत्र वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती प्रक्रिया के अन्तर्गत लगभग 32 हजार युवाओं के चयन का परिणाम घोषित किया गया है। शीघ्र ही चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त लगभग 42 हजार होमगार्ड जवानों की भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई है। होमगार्ड जवानों को मानदेय और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार कार्य कर रही है।
प्रदेश में शिक्षक भर्ती सहित उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की विभिन्न भर्तियां चल रही हैं। सरकार का प्रयास है कि भर्ती प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों के अनुसार पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हों। जो दल अपने शासनकाल में युवाओं को रोजगार के लिए भटकने पर मजबूर करते रहे, उन्हें वर्तमान सरकार की पारदर्शी भर्ती व्यवस्था पर सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए। भाजपा सरकार में युवाओं को राजनीतिक सिफारिश और परिवार के प्रभाव के बजाय योग्यता के आधार पर अवसर दिया जा रहा है। रोजगार की प्रक्रिया में पारदर्शिता युवाओं के आत्मविश्वास और प्रदेश के विकास के लिए आवश्यक है।
वर्ष 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश की पहचान अराजकता, दंगा, उपद्रव और माफिया के प्रभाव से जुड़ गई थी। पर्व व त्योहारों से पहले तनाव और दंगों की आशंका बनी रहती थी। प्रदेश के अनेक जिलों के लोगों को दूसरे शहरों में अपनी पहचान बताने में संकोच होता था। जब किसी प्रदेश में कानून-व्यवस्था कमजोर होती है, तो निवेश, उद्योग और रोजगार के अवसर भी प्रभावित होते हैं। सपा सरकार के समय अपराधियों और माफिया के प्रभाव ने आम नागरिकों के मन में असुरक्षा की भावना पैदा की थी। ऐसी परिस्थितियों में कोई निवेशक अपना उद्योग स्थापित करने या बड़े स्तर पर निवेश करने के लिए सहज नहीं होता। निवेश के लिए सुरक्षित वातावरण, भरोसेमन्द प्रशासन और कानून का प्रभावी शासन आवश्यक है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भाजपा सरकार ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करके प्रदेश की छवि बदली है। आज प्रदेश की पहचान दंगों और माफिया के बजाय विकास, बेहतर आधारभूत संरचना, धार्मिक पर्यटन और निवेश के अवसरों से हो रही है। विपक्ष को समझना चाहिए कि विकास केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि सुरक्षित वातावरण और प्रभावी प्रशासन से सम्भव होता है। काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि, प्रयागराज महाकुम्भ तथा मथुरा-वृन्दावन की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत उत्तर प्रदेश की नई पहचान के प्रमुख केन्द्र बने हैं। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में काशी की प्राचीन सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखते हुए उसका व्यापक कायाकल्प किया गया है। बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए प्रतिदिन औसतन लगभग 01 लाख श्रद्धालु आते हैं। सावन और अन्य पर्व-त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ जाती है। धार्मिक पर्यटन के विस्तार से स्थानीय व्यापार, परिवहन, आतिथ्य उद्योग और अन्य आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिला है।
उत्तर प्रदेश आज देश की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में उभरा है। बेहतर कानून-व्यवस्था, सड़क, परिवहन, धार्मिक पर्यटन, औद्योगिक गतिविधियों और निवेश के अवसरों ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने में योगदान दिया है। पहले उत्तर प्रदेश के लोगों को अन्य राज्यों में अपनी पहचान को लेकर असहज स्थिति का सामना करना पड़ता था, जबकि आज प्रदेश की विकास यात्रा और बदलती छवि के कारण लोगों का दृष्टिकोण बदला है। यह सरकार की नीतियों, सुरक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों का परिणाम है। विपक्ष प्रदेश के विकास को स्वीकार करने के बजाय राजनीतिक विरोध के कारण उपलब्धियों को नकारने का प्रयास करता है। जनता उन कार्यों को देख रही है, जिनसे प्रदेश में रोजगार, शिक्षा, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है।
सरकार ने निजी क्षेत्र में लगभग 65 लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया है। परम्परागत उद्योगों और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना तथा ‘प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना’ जैसी पहल को प्रोत्साहित किया गया है। इनके माध्यम से तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य हुआ है।
उत्तर प्रदेश में स्टार्ट-अप संस्कृति को बढ़ावा देकर युवाओं को उद्यमिता के अवसर दिए जा रहे हैं। वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश में लगभग 120 स्टार्ट-अप थे। आज प्रदेश में 24 हजार से अधिक स्टार्ट-अप कार्य कर रहे हैं। इससे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिला है और तकनीक, नवाचार तथा उद्यमिता के नए अवसर विकसित हुए हैं। प्रधानमंत्री जी ने युवाओं को नौकरी खोजने वाले के बजाय रोजगार सृजित करने वाला बनाने का दृष्टिकोण दिया है। उत्तर प्रदेश इसी सोच के अनुरूप युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करा रहा है। विपक्ष ने लम्बे समय तक युवाओं को राजनीतिक नारों तक सीमित रखा, जबकि वर्तमान सरकार कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, स्टार्ट-अप और स्वरोजगार के माध्यम से उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाने का प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डिजिटल क्रान्ति और डी0बी0टी0 के माध्यम से प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है। सरकार ने लगभग 62 लाख युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन उपलब्ध कराए हैं तथा 02 करोड़ युवाओं तक टैबलेट की सुविधा पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। आधुनिक शिक्षा में तकनीक की भूमिका लगातार बढ़ रही है। युवाओं को डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराने से उन्हें अध्ययन सामग्री, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और कौशल विकास के अवसर प्राप्त होते हैं। शिक्षा के क्षेत्र में केवल घोषणाएं करना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को संसाधन, संस्थान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना आवश्यक है। सरकार ने डिजिटल शिक्षा और उच्च शिक्षा के विस्तार पर ध्यान दिया है।
प्रदेश में उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाने के लिए अनेक नए विश्वविद्यालयों की स्थापना की गई है। पहले कई जनपदों में विश्वविद्यालय नहीं थे, जिसके कारण विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर जाना पड़ता था। सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में विश्वविद्यालय स्थापित करने की दिशा में कार्य किया है। संत रविदास नगर-भदोही, शाहजहांपुर और कुशीनगर में विश्वविद्यालयों की स्थापना की गयी है। इसके साथ ही, मीरजापुर में माँ विन्ध्यवासिनी, आजमगढ़ में महाराजा सुहेलदेव, बलरामपुर में माँ पाटेश्वरी, मुरादाबाद में गुरु जम्भेश्वर, सहारनपुर में माँ शाकुम्भरी और अलीगढ़ में राजा महेन्द्र प्रताप सिंह के नाम पर विश्वविद्यालयों की स्थापना की गयी है।
जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय, चित्रकूट को सरकारी सहयोग और वित्तपोषण उपलब्ध कराया गया है। लखनऊ में अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, गोरखपुर में महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय तथा मेरठ में मेजर ध्यानचन्द स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना शिक्षा के विविध क्षेत्रों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। पूर्ववर्ती सरकारों के समय शिक्षा के विस्तार के लिए पर्याप्त अवसर होने के बावजूद अनेक क्षेत्रों में विश्वविद्यालयों की कमी बनी रही। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र को राजनीतिक प्राथमिकताओं से ऊपर रखा जाना चाहिए था। समाजवादी पार्टी ने शिक्षा के प्रति गम्भीर दृष्टिकोण नहीं अपनाया। जो दल शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पर्याप्त कार्य नहीं कर सके, उन्हें आज शिक्षकों और युवाओं के हितों पर उपदेश देने से पहले अपने शासनकाल का मूल्यांकन करना चाहिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान नहीं देते, बल्कि उन्हें सही और गलत के मध्य अन्तर समझाते हैं। वे समाज को दिशा देते हैं और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं। भारतीय परम्परा में गुरु का स्थान सर्वोच्च रहा है। गुरु का मार्गदर्शन ही व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। भगवान श्रीराम के जीवन में महर्षि वशिष्ठ, भगवान श्रीकृष्ण के जीवन में महर्षि संदीपन, चन्द्रगुप्त मौर्य के जीवन में आचार्य चाणक्य तथा स्वामी विवेकानन्द के जीवन में रामकृष्ण परमहंस की महत्वपूर्ण भूमिका थी।
गुरु पूर्णिमा, महर्षि वेदव्यास जयन्ती तथा शिक्षक दिवस आदि के रूप में भारत में शिक्षक के सम्मान की गौरवशाली परम्परा रही है। भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति और द्वितीय राष्ट्रपति डॉ0 सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने अपने जन्मदिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाने का आग्रह किया था। पूर्व राष्ट्रपति डॉ0 ए0पी0जे0 अब्दुल कलाम ने भी राष्ट्रपति भवन में रहते हुए शिक्षक की भूमिका निभाई। शिक्षकों के प्रति सम्मान केवल शब्दों तक सीमित नहीं होना चाहिए। सरकार ने उनके स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए कदम उठाए हैं। शिक्षकों के हितों के नाम पर राजनीति करने वाले दलों को यह बताना चाहिए कि उन्होंने अपने शासनकाल में शिक्षकों के लिए क्या किया।
भाजपा सरकार ने शिक्षकों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। सरकारी और अनुदानित संस्थानों के साथ स्ववित्तपोषित संस्थानों के शिक्षकों तथा उनके परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य बीमा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। यह सुविधा बेसिक शिक्षा से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक के शिक्षकों के लिए लागू करने की पहल का हिस्सा है। स्ववित्तपोषित विद्यालयों के शिक्षकों के लिए लगभग 40 लाख रुपये से लेकर डेढ़ करोड़ रुपये तक का सुरक्षा बीमा कवर प्रदान किया गया है। सरकार चाहती है कि शिक्षक अपने परिवार की सुरक्षा के प्रति आश्वस्त रहें और निष्ठा के साथ विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में योगदान दें।
शिक्षक संगठनों और विधान परिषद सदस्यों ने समय-समय पर जो समस्याएं उनके समक्ष रखीं, उनका एक-एक करके समाधान किया गया है। सरकार शेष समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रतिबद्ध है। विपक्ष को शिक्षकों के हितों पर राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय यह देखना चाहिए कि कौन-सी सरकार उनके लिए वास्तविक निर्णय ले रही है। शिक्षकों को स्वास्थ्य बीमा और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना सरकार की संवेदनशीलता दर्शाता है।
शिक्षक पात्रता परीक्षा (टी0ई0टी0) के विषय में माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देश के बाद उन शिक्षकों के समक्ष कठिनाई उत्पन्न हुई, जिनकी नियुक्ति उस समय हुई थी, जब शिक्षक पात्रता परीक्षा की व्यवस्था लागू नहीं थी। लम्बे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों की समस्या को सरकार ने गम्भीरता से लिया। सरकार ने न्यायालय में अपना पक्ष रखा और प्रभावित शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा की व्यवस्था करने की पहल की। यह शिक्षकों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और सम्मान का उदाहरण है। शिक्षकों की समस्याओं पर केवल राजनीतिक बयान देना पर्याप्त नहीं है। आवश्यक है कि उनके समाधान के लिए व्यावहारिक कदम उठाए जाएं। सरकार ने शिक्षकों की समस्याओं को समझते हुए उनका समाधान करने का प्रयास किया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कर्मचारियों और शिक्षकों के हितों की बात करने से पहले विपक्ष को अपने शासनकाल का हिसाब देना चाहिए। वर्ष 2005 से वर्ष 2017 के मध्य नई पेंशन योजना के अन्तर्गत कर्मचारियों और शिक्षकों के अंशदान की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया गया। बड़ी संख्या में कार्मिकों के खाते तक नहीं खोले गए। इस अवधि में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी की सरकारें रहीं, लेकिन कर्मचारियों के हितों से जुड़े इस विषय पर पर्याप्त कार्य नहीं हुआ। वर्ष 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद कर्मचारियों की समस्याओं पर विचार करने के लिए वित्त सचिव के नेतृत्व में समिति गठित की गई। लगभग 14 लाख कार्मिकों के खाते खुलवाये गये तथा कार्मिकों के लिए 10 हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई। सरकार ने नई पेंशन योजना के अन्तर्गत अपने अंशदान को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किया। पूर्ववर्ती सरकारों ने कर्मचारियों के हितों की अनदेखी की और अब राजनीतिक लाभ के लिए उन्हीं विषयों पर बयान दिए जा रहे हैं। शिक्षक और कर्मचारी विपक्ष के नारों के बजाय वास्तविक कार्यों का मूल्यांकन करें। सरकार का उद्देश्य कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है।
उत्तर प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए समाज की एकजुटता आवश्यक है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की राजनीति में समाज को बांटने तथा राजनीतिक लाभ के लिए अलग-अलग वर्गों को एक-दूसरे के विरुद्ध खड़ा करने की प्रवृत्ति दिखाई देती है। समाजवादी पार्टी परिवारवादी और माफिया के प्रति सहानुभूति रखने वाली पार्टी है। प्रदेश की जनता को देखना चाहिए कि कौन-सा दल कानून-व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के लिए काम करता है। समाजवादी पार्टी के दावों और उसके शासनकाल के कार्यों के बीच अन्तर रहा है। भाजपा सरकार विकास, सुशासन और सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता देती है। सरकार का उद्देश्य किसी वर्ग को बांटना नहीं, बल्कि सभी को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। शिक्षकों, स्नातकों और युवाओं को ऐसे प्रतिनिधियों का चयन करना चाहिए, जो उनके हितों के लिए लगातार काम करते हों।
भाजपा ने शिक्षक विधान परिषद क्षेत्र से डॉ0 प्रमोद मिश्र और स्नातक विधान परिषद क्षेत्र से श्री केदारनाथ सिंह को अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। दोनों प्रत्याशी शिक्षकों और स्नातकों की समस्याओं से जुड़े रहे हैं तथा उनके हितों के लिए अपनी आवाज उठाते रहे हैं। डॉ0 प्रमोद मिश्र विधान परिषद सदस्य न होने के बावजूद शिक्षकों की समस्याओं को उनके सामने रखते रहे हैं। इसी प्रकार श्री केदारनाथ सिंह पिछले चुनाव में पराजित होने के बाद भी काशी और स्नातक समाज के मुद्दों को उठाते रहे तथा युवाओं की भर्ती प्रक्रिया को मजबूत बनाने की पैरवी करते रहे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आगामी 23 अक्टूबर को मतदान होना है और इस अवसर पर मतदाताओं के लिए अवकाश घोषित किया गया है। सभी शिक्षक और स्नातक मतदाता अवकाश के दिन अन्य कार्यक्रमों या पिकनिक में व्यस्त होने के बजाय अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। कोई भी पात्र मतदाता मतदान से वंचित नहीं रहना चाहिए। मतदाता मतदान प्रक्रिया में विशेष सावधानी रखें। मतपत्र पर निर्धारित स्थान पर ही सही ढंग से प्राथमिकता अंकित करें और अनावश्यक निशान अथवा अन्य कुछ न लिखें, ताकि मत अवैध घोषित न हो।
कार्यक्रम को प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने भी सम्बोधित किया।
सम्मेलन में उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री रवीन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्य मंत्री श्री हंस राज विश्वकर्मा, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री अशोक चौरसिया, शिक्षक विधान परिषद क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ0 प्रमोद मिश्र, स्नातक विधान परिषद क्षेत्र के प्रत्याशी श्री केदारनाथ सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधि, शिक्षक, स्नातक मतदाता और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
--------- 


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने