बलरामपुर- अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग, बलरामपुर द्वारा जनपद के परिषदीय विद्यालयों में साक्षरता को जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने तथा शिक्षा के महत्व के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालयों में जागरूकता रैली, पोस्टर प्रतियोगिता, साक्षरता संगोष्ठी, साक्षरता शपथ सहित विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता गतिविधियों में बच्चों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
विद्यालयों से निकाली गई साक्षरता जागरूकता रैलियों में छात्र-छात्राओं ने शिक्षा एवं साक्षरता से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को पढ़ने-लिखने और शिक्षा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने अपने आसपास के लोगों तक यह संदेश पहुंचाया कि शिक्षा व्यक्ति के आत्मविश्वास, जागरूकता और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है।
पोस्टर प्रतियोगिताओं में बच्चों की रचनात्मकता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विद्यार्थियों ने रंगों और चित्रों के माध्यम से ‘साक्षरता का महत्व’, ‘शिक्षा से सशक्त समाज’ तथा सभी के लिए शिक्षा जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को स्वयं जागरूक होने के साथ परिवार एवं समाज में भी शिक्षा का संदेश पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
विद्यालयों में आयोजित साक्षरता संगोष्ठियों में शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के बीच शिक्षा के महत्व पर संवाद हुआ। इस दौरान साक्षरता को केवल अक्षर ज्ञान तक सीमित न रखते हुए दैनिक जीवन में सही निर्णय लेने, अपने अधिकारों एवं दायित्वों के प्रति जागरूक होने और समाज की प्रगति में सक्रिय भागीदारी से जोड़कर समझाया गया।
अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के कार्यक्रमों को स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता से भी जोड़ा गया। विद्यार्थियों ने साक्षरता के साथ स्वच्छता के महत्व को समझा तथा अपने विद्यालय, घर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने एवं दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रमों में परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों तथा विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। उपस्थित प्रतिभागियों द्वारा साक्षरता एवं स्वच्छता के प्रति स्वयं जागरूक रहने और समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करने की शपथ ली गई।
बेसिक शिक्षा विभाग की इन गतिविधियों ने अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस को केवल एक आयोजन तक सीमित न रखकर बच्चों के माध्यम से परिवार और समुदाय तक शिक्षा का सकारात्मक संदेश पहुंचाने का माध्यम बनाया। विभाग का प्रयास है कि साक्षरता को पढ़ने-लिखने की क्षमता के साथ जागरूकता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तीकरण से जोड़ते हुए शिक्षित, जागरूक एवं सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य किया जाए।

                हिन्दी संवाद न्यूज से
                  रिपोर्टर वी. संघर्ष
                    बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने