बलरामपुर- राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत जनपद बलरामपुर के एक 1 वर्ष 7 माह के मासूम को जन्मजात हृदय रोग (सीएचडी) से राहत मिली है। योजना के तहत उसकी सफल हृदय सर्जरी कराकर उसे नया जीवन प्रदान किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि उतरौला तहसील के विकासखंड रेहरा बाजार अंतर्गत ग्राम कोटवा दरगाह कुतुबपुर, पोस्ट सादुल्लानगर निवासी काजी मोहम्मद तौहीद के पुत्र मोहम्मद हबीब को जन्म से ही हृदय संबंधी समस्या थी। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम द्वारा स्क्रीनिंग के दौरान बच्चे में जन्मजात हृदय रोग (Congenital Heart Disease) की पहचान की गई। इसके बाद उसे उच्च स्तरीय उपचार के लिए जेएनयू मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ रेफर किया गया।
उन्होंने बताया कि 6 जुलाई 2026 को विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बच्चे की सफल हृदय सर्जरी की। यह उपचार RBSK योजना के अंतर्गत पूरी तरह निःशुल्क कराया गया। वर्तमान में बच्चा स्वस्थ है।
सीएमओ डॉ. रस्तोगी ने कहा कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम का उद्देश्य जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों में जन्मजात विकार, हृदय रोग, दृष्टि एवं श्रवण संबंधी समस्याओं सहित 30 से अधिक गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर उनका निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस योजना से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल रहा है और बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो रहा है।
बच्चे के परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग, RBSK टीम तथा जेएनयू मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ के चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके बेटे को नया जीवन दिया है और लाखों रुपये के उपचार का आर्थिक बोझ भी बचाया है।

                हिन्दी संवाद न्यूज से
                  रिपोर्टर वी. संघर्ष
                    बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने