जनपद बलरामपुर- जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, वार्ड, इमरजेंसी कक्ष, लेबर रूम, दवा स्टोर सहित स्वास्थ्य केंद्र की विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सकों को दिए।
जिलाधिकारी ने ओपीडी एवं वार्ड का निरीक्षण करते हुए मरीजों के उपचार की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार समय से उपलब्ध कराया जाए तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी न रहे।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाए जाने पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने लेबर रूम के सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रसव के लिए आने वाली गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उपलब्ध दवाओं एवं उनके भंडारण की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि स्वास्थ्य केंद्र पर आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए, जिससे मरीजों को आवश्यक दवाओं के लिए किसी प्रकार की असुविधा न हो।
स्वास्थ्य केंद्र तक आवागमन की सुविधा को बेहतर बनाए जाने के लिए जिलाधिकारी ने मुख्य मार्ग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सीसी रोड के माध्यम से जोड़े जाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई एवं परिसर की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र की बड़ी आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण इकाई है, इसलिए यहां आने वाले मरीजों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता हो।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार करते हुए मरीजों को बेहतर उपचार एवं सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए।
इस दौरान स्पर अपर सीएमओ डॉ एके शुक्ला , एमओआईसी सुजीत पांडे व अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहें।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know